देश भर में फिल्म ‘पठान’ का गाना ‘बेशर्म रंग’ पर विवाद जारी है. इस बीच शाहरुख खान के चाहने वालों के लिए एक बेहद अच्छी खबर है। शाहरुख का नाम दुनिया के 50 ऑल टाइम महान एक्टर्स की लिस्ट में शामिल हुआ है। ब्रिटिश मैगजीन इम्पायर ने 50 महान अभिनेताओं की सूची जारी की है और शाहरुख खान इसके हिस्सा बने हैं। शाहरुख खान एकलौत ऐसे भारतीय एक्टर हैं जिन्हें इस लिस्ट में शामिल किया गया है।
शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है।
एम्पायर मैगजीन ने शाहरुख की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मिस मार्वल के पसंदीदा फिल्म स्टार शाहरुख खान के पास करीब चार दशकों का हिट करियर है। पूरी दुनिया में उनके अरबों की तादाद में फैंस हैं। अपनी लाजवाब शैली करिश्मा के चलते ही वो ऐसा कर सकते हैं….और लगभग हर जॉनर में सक्सेसफुल हैं। ऐसा कुछ भी नहीं है जो वह नहीं कर सकते।’
इस लिस्ट को बनाने के लिए एम्पायर मैगजीन की तरफ से वोट कराया गया था। मैग्जीन ने अपने रीडर्स को वैसे अभिनेताओं का चुनाव करने के लिए कहा था जो दुनिया के सबसे अच्छे एक्टर्स हैं, जिन्होंने हमेशा सिल्वर स्क्रीन पर अपना बेस्ट दिया और उनके जैसा टैलेंट कभी भी देखा नहीं जा सकता है।
इसके बाद ही दुनिया के 50 महान अभिनेताओं में शाहरुख खान को भी चुना गया। इस सूची में शाहरुख द्वारा फिल्मों में निभाए गए कुछ प्रमुख किरदारों को भी शामिल किया गया है, जिसमे ‘देवदास’ के देवदास मुखर्जी का किरदार, ‘माई नेम इज खान’ के रिजवान खान का किरदार, ‘कुछ कुछ होता है’ के राहुल खन्ना का किरदार और ‘स्वदेश’ के मोहन भार्गव का किरदार शामिल है।
शाहरुख खान के अलावा 50 महान अभिनेताओं की इस लिस्ट में टॉम क्रूज, टॉम हैंक्स, जीन हैकमैन, एक्ट्रेस बीट डेविस, ऑस्ट्रेलियन एक्टर हेथ लेजर, मार्लोन ब्रैंडो, रॉबर्ट डी नीरो, डेनजेल वाशिंगटन जैसे कई दिग्गज अभिनेताओं का नाम शामिल है।
मालूम हो कि शाहरुख खान नए साल में फिल्म ‘पठान’ को लेकर दर्शकों के सामने आने वाले हैं। हाल ही में इस फिल्म का बेशर्म रंग गाना रिलीज हुआ जो लगातार कंट्रोवर्सी में बना हुआ है। सिद्धार्थ आनंद द्वारा डायरेक्टेड इस फिल्म में शाहरुख खान के अलावा दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी प्रमुख भूमिका में हैं। यह फिल्म 25 जनवरी, 2023 को थिएटर्स में रिलीज होगी।
शाहरुख खान ने 1992 में फिल्म ‘दीवाना’ से अपने कैरियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘डर’, ‘बाजीगर’ और ‘अंजाम’ जैसी फिल्मों में में नेगेटिव रोल्स किए और फिर दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे ने उन्हें ‘रोमांस के बादशाह’ के रूप में स्थापित कर दिया। शाहरुख ने अब तक हिंदी सिनेमा में 3 दशकों तक काम किया है और अब तक 100 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं।
