‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 87वां दिन: MP में यात्रा अब अंतिम चरण में, रविवार को राजस्थान में करेगी प्रवेश, राहुल ने कहा- ‘BJP और RSS के लोग कभी जय सियाराम नहीं बोलते’

मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा’ के 11वें दिन शनिवार को पदयात्रा की शुरुआत महोडिया बस स्टैंड से हुई और यात्रा सुसनेर की तरफ आगे बढ़ी। आज की यात्रा में कम्प्यूटर बाबा भी शामिल हुए। राहुल गांधी को देखने के लिए शनिवार सुबह सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखी।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को आगर मालवा में एक जनसभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने एक बार फिर बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला। राहुल ने बीजेपी पर मां सीता के अपमान का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी कभी जय सियाराम नहीं बोलती। उन्होंने आरएसएस को महिला विरोधी बताया और उन्हें हे राम बोलने की नसीहत दी।

राहुल ने कहा, “RSS-BJP के लोग ‘जय सिया राम’ का नारा नहीं लगाते। वो जय सिया राम नहीं बोलते, क्योंकि वो सीता का आदर नहीं करते। उनके संगठन में महिला को स्थान नहीं है। भगवान राम की भावना को RSS के लोग नहीं अपनाते। राम ने कभी नफरत नहीं फैलायी, किसी का अपमान नहीं किया।” उन्होंने कहा, “बीजेपी वाले एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं। राहुल गांधी ने कहा, भगवान राम जिंदगी जीने का तरीका थे।”

उन्होंने बताया कि, “एक पंडित जी ने मुझसे कहा भगवान राम तपस्वी थे। गांधी जी का नारा था हे राम। हे राम का मतलब जीवन जीने का तरीका है। यह यात्रा देश की जनता की यात्रा है। इस यात्रा में कोई थक नहीं रहा है।”

राहुल ने आगे कहा, ‘मैं इस यात्रा में लाखों लोगों से मिला हूं. किसान कहता है कि यूरिया नहीं मिलता है। कारोबारी कहता है, जीएसटी और नोटबंदी ने बिजनेस बंद कर दिया है’।

अभी तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 37 जिलों और छह राज्यों का सफर कर चुकी है। राहुल गांधी अब तक 2200 किलोमीटर की पदयात्रा कर चुके है। मध्य प्रदेश में यात्रा बुरहापनुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर,उज्जैन जिले के बाद आगर जिले में पहुंच चुकी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने 23 नवंबर को महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया था। श्रीनगर तक जाने के लिए यात्रा को अभी 1141 किलोमीटर का सफर और तय करना है। 24 दिसंबर तक यात्रा दिल्ली पहुंचेगी और वहां पांच दिन का ब्रेक लिया जाएगा।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ 4 दिसंबर को मध्य प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश करेगी। चार दिसंबर को यात्रा का मध्यप्रदेश में आखिरी दिन होगा। इसके बाद यात्रा लालाखेड़ी से राजस्थान के झालावाड़ में प्रवेश करेगी। लालखेड़ी में कमलनाथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष को यात्रा का ध्वज सौंपेगे।

मालूम हो कि, मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव साल 2023 में होना है। राज्य में विधानसभा की 230 सीटें हैं। इस यात्रा का राज्य में जो मुख्य रुट है उसमें कुल 66 सीटें हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का ऐसा मानना है कि इस क्षेत्र मं ज़्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी ही राज्य की सत्ता को हासिल करती रही है। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इन सीटों में से बीजेपी से 3 सीटें कम मिलने के बावजूद सरकार बनाई थी। कांग्रेस की नज़र राज्य के अनुसूचित जनजाति की 47 और अनुसूचित जाति वर्ग की 35 सीटों पर भी है। ये दो समीकरण (मालवा-निमाड़ की 66 और एससी-एसटी की 82 सीटों में ज़्यादा सीटें पाना) बीजेपी समेत अन्य पार्टियों की रणनीति का भी हिस्सा हैं।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ करीब 15 दिनों तक राजस्थान में रहेगी और कुल 7 जिलों को कवर करेगी। राजस्थान में कुल 520 किमी तक यह यात्रा जाएगी। 4 दिसंबर को झालरापाटन चऊंली से राजस्थान में यात्रा प्रवेश करेगी। सूरजपोल नाका (नुक्कड़ सभा) और हिरिया खेड़ी में नुक्कड़ सभा होगी। झालावाड़ जिले में यात्रा 6 दिसंबर तक रहेगी। झालवाड़ में एक लाख लोग राहुल की यात्रा में शामिल होंगे। उसके बाद यात्रा कोटा-बूंदी में 7 दिसंबर से 10 दिसंबर तक रहेगी। सवाई माधोपुर जिले में टोंक होते हुए 11 दिसंबर से 12 दिसंबर तक यात्रा का कार्यक्रम हे। फिर दौसा में 13 दिसंबर से 16 दिसंबर तक यात्रा रहेगी। उसके बाद ये यात्रा अलवर के रास्ते हुए हरियाणा में प्रवेश करेगी।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (मध्यप्रदेश) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है। इस यात्रा का लक्ष्य कांग्रेस पार्टी के संगठन को पुनर्जीवित करना है।

ये है मध्य प्रदेश में यात्रा का आगे का कार्यक्रम:-

3 दिसंबर

• सुबह 06.00 बजे बस स्टॉप महुडिय़ा से यात्रा प्रारंभ।
• सुबह 10.30 बजे अमला शिवाय होटल के समीप ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे जैन मंदिर सुसनेर से शुरू।
• शाम 06.30 बजे मंगेशपुरा चौराहे पर ब्रेक।

4 दिसंबर

• सुबह 06.00 बजे अन्नपूर्णा ढाबा से यात्रा की शुरूआत।
• सुबह 10.00 बजे सोयतकलां में ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे गल्र्स हॉस्टल के पास से यात्रा शुरू।
• शाम 06.30 बजे पिपलेश्वर बालाजी मंदिर डोंगरगांव में ब्रेक।
• इसके बाद यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी, यहां छांवली चौराहा राजस्थान में रात्रि विश्राम रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *