श्रद्धा मर्डर केस: आफताब का कबूलनामा- ‘मैंने श्रद्धा को मारा और शरीर के टुकड़ों को जंगल में फेंक दिया’, कई लड़कियों से संबंध होने की बात भी कबूली

दिल्ली में हुए श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला ने पॉलीग्राफ टेस्ट में श्रद्धा की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। FSL के सूत्रों ने बताया है कि, ‘आरोपी आफताब पूनावाला ने कबूल किया है कि उसने श्रद्धा की हत्या की। पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान आफताब ने इस बात को भी स्वीकार किया है कि उसने श्रद्धा के शव के कई टुकड़े किए और उन्हें जंगल में फेंक दिया। उसने इस बात को भी कुबूल किया है कि वह कई महिलाओं के संपर्क में था’। अब ये माना माना जा रहा है कि पॉलीग्राफ टेस्ट में आफताब के द्वारा कुबूल किए गए गुनाह को पुलिस सुबूत के तौर पर कोर्ट में रखेगी। वहीं अब दिल्ली पुलिस को कोर्ट ने एक दिसंबर को आफताब का नार्को टेस्ट कराने की अनुमति दे दी है। दिल्ली के अंबेडकर अस्पताल में आफताब का नार्को टेस्ट कराया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी आफताब ने फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री के अफसरों को बताया कि उसे अपने गुनाह के लिए किसी तरह का अफ़सोस नहीं है। पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान आफताब का व्यवहार पूरी तरह सामान्य था और उसने कहा कि वह सारी जानकारी पहले ही पुलिस को दे चुका है।

इस केस में आरोपी आफताब का मंगलवार यानी 29 नवंबर को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के ऑफिस में 5वीं और आखिरी बार पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ। FSL के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी का पॉलीग्राफ टेस्ट अब पूरा हो चुका है और जल्द ही एक रिपोर्ट सौंपी जाएगी। मालूम हो कि सोमवार रात को आफताब को FSL ऑफिस से बाहर लाते समय कुछ तलवारधारी लोगों ने हमला करने की कोशिश की थी। ये लोग हिंदू सेना के थे। इस हमले के बाद FSL ऑफिस के बाहर बीएसएफ की तैनाती कर दी गई थी।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस को अब तक श्रद्धा के शव की 13 हड्डियां मिली हैं। श्रद्धा के शव का जबड़ा भी मिल गया है. बाथरूम, किचन और बेडरूम में खून के धब्बे मिले हैं। इनकी फॉरेंसिक जांच और डीएनए जांच की जा रही है। पुलिस ने गुरुग्राम से भी कुछ बॉडी पार्ट रिकवर किए हैं। दिल्ली पुलिस ने कुछ हथियार भी बरामद किए है। दावा है कि आफताब ने इन्हीं के इस्तेमाल से शव के टुकड़े किए थे। अभी इस बात का इंतजार है कि किस हथियार से शव को काटा गया? ये सीएफएसएल रिपोर्ट के बाद ही पता लग पाएगा।

अभी तक की जांच से यही पता चल सका है है कि श्रद्धा आफताब को छोड़ना चाहती थी, वो उसकी प्रताड़ना से परेशान हो चुकी थी, 3-4 मई को दोनों का फैसला हुआ था कि हम अब अलग-अलग रहेंगे। यह बात आफताब को पसंद नहीं आई। उसे डर था कि श्रद्धा किसी और के साथ इन्वॉल्व हो जाएगी। हालांकि, आफताब ने पहले कहा था कि श्रद्धा उस पर शादी का दबाव डाल रही थी, इसलिए उसने हत्या की।

पुलिस ने फ्लैट से कुछ कपड़े भी बरामद किए हैं जो CSFL जांच के लिए भेजे हैं, रिपोर्ट आना बाकी है।

पुलिस को शक है कि जब सितंबर अक्टूबर में मुंबई पुलिस ने आफताब को पूछताछ के लिए बुलाया था। उस वक्त श्रद्धा के कुछ बॉडीपार्ट्स आफताब के फ्लैट पर ही थे और वह पुलिस को गुमराह कर रहा था।

बता दें कि आफताब ने श्रद्धा की इसी साल 18 मई को हत्या कर दी थी और उसके बाद शव के 35 टुकड़े करके उन टुकड़ों को महरौली में अपने घर में 300 लीटर के फ्रिज में रखा था। बाद में उसने इन टुकड़ों को करीब 20 दिनों तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में फेंका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *