श्रद्धा मर्डर केस: गुरुवार को 6 घंटों तक चला आरोपी आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट, आरोपी के पिता समेत श्रद्धा व आफताब के दोस्तों के दर्ज

श्रद्धा हत्याकांड केस में लगातार एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। आरोपी आफताब का गुरुवार को 6 घंटे तक पॉलीग्राफ टेस्ट किया गया हालांकि टेस्ट पूरा नहीं हो सका क्योंकि दूसरे राउंड में उसकी तबियत ठीक नहीं थी और इसी वजह से टेस्ट को बीच में ही रोकना पड़ गया। दिल्ली पुलिस शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट करेगी। मालूम हो कि आरोपी आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट रोहिणी के एफएसएल में चल रहा है।

दरअसल, दिल्ली पुलिस पॉलीग्राफ टेस्ट के जरिये ये जानना चाहती है कि आफताब ने श्रद्धा की हत्या क्यों और किन परिस्थितियों में की। इसके अलावा श्रद्धा के शव के टुकड़े करने को लेकर, फिर इन टुकड़ों को अलग अलग जगह फेकने को लेकर, वारदात में इस्तेमाल हथियारों को ठिकाने लगाने को लेकर दिल्ली पुलिस के पास कई सवाल है, जिसका जवाब पुलिस को कोर्ट में देना होगा।

इस बीच, दिल्ली पुलिस का एक बड़ा सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने आरोपी आफताब के छतरपुर स्थित फ्लैट से पांच चाकू जब्त किए हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपी आफताब ने दिल्ली पुलिस को पूछताछ में बताया है कि उसने श्रद्धा के शव को काटने के लिए कई हथियारों का इस्तेमाल किया था। न्यूज एजेंसी ANI ने खबर दी है कि, ‘दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली पुलिस ने 5 बड़े चाकू बरामद किए हैं जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भेजा दिया है’।

दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को आरोपी आफताब के पिता का बयान दर्ज किया था और एक बार आज फिर से पुलिस उनसे दोबारा पूछताछ करेगी और आगे की कहानी जानने का प्रयास करेगी। आफताब के पिता से गुरुवार की पूछताछ में पुलिस ने आरोपी के रहन सहन, बात व्यवहार और पिता पुत्र के संबंधों के बारे में जानने की कोशिश की थी। पूछताछ में आरोपी के पिता अमीन पूनावाला ने बताया कि उनका बेटा हमेशा अलग ही रहता था और परिवार के लोगों से बातचीत भी बहुत कम करता था। उसके इसी व्यवहार की वजह से परिवार के लोग भी उससे दूर ही रहते थे। कुछ समय पहले तक परिवार में किसी को पता भी नहीं था कि वह श्रद्धा के साथ एक रिलेशन में था।

श्रद्धा और आफताब के दोस्तों ने गुरुवार को साकेत कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए। इन लोगों ने अदालत को बताया कि आफताब, श्रद्धा को मारता-पीटता था और जान से मारने की धमकी भी देता था। श्रद्धा ने कई बार अपने इन दोस्तों को इस बारे में बताया था। वो हमेशा दुखी रहती थी।

दिल्ली पुलिस को छतरपुर के जंगलों से श्रद्धा के बाल मिले हैं। जंगल के छानबीन में जो जबड़ा मिला है, उसमें सिर्फ दांत हैं। ऐसा माना जा रहा है कि जबड़े से ही ये बाल मिले हैं। छतरपुर के जंगल से जो लाश के टुकड़े बरामद किये गए हैं उनमें से कुछ टुकड़ों से ये स्पष्ट हो गया है कि वे किसी महिला के ही हैं। पुलिस का कहना है कि श्रद्धा के सिर मिलने की संभावना अब लगभग खत्म हो गई हैं।

मुंबई पुलिस का इस मामले में कहना है कि श्रद्धा ने आफताब के खिलाफ पालघर के तुलींज थाने में एक शिकायत दी थी। हालांकि उसने अपनी इस शिकायत को बाद में वापस भी ले लिया था। उस शिकायत में श्रद्धा ने आरोप लगाया था कि आफताब ने उसे जान से मारने और उसके शव के टुकड़े टुकड़े करने की धमकी दी थी। यह शिकायत श्रद्धा ने साल 2020 में दी थी. दिल्ली पुलिस ने इस शिकायत की भी कॉपी मुंबई से मंगवा ली है।

बता दें कि आफताब ने श्रद्धा की इसी साल 18 मई को हत्या कर दी थी और उसके बाद शव के 35 टुकड़े करके उन टुकड़ों को महरौली में अपने घर में 300 लीटर के फ्रिज में रखा था। बाद में उसने इन टुकड़ों को करीब 20 दिनों तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में फेंका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *