बाली में चल रहे G-20 समिट का बुधवार को दूसरा और अंतिम दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान इंडोनेशिया, स्पेन, फ्रांस, सिंगापुर, जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रेलिया और यूनाइटेड किंगडम के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। पीएम मोदी आज इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
G-20 समिट के दूसरे दिन यानी आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य वैश्विक नेताओं ने बुधवार को बाली में मैंग्रोव के जंगलों का दौरा किया। साथ ही सभी ने वहा पौधरोपण भी किया. ये नेता इंडोनेशिया के बाली में आयोजित G-20 सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।
इससे पहले मंगलवार रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई। यह मुलाकात इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो द्वारा आयोजित G-20 रात्रिभोज के दौरान हुई थी। पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच सीमा गतिरोध के टूटने के बाद से दोनों नेताओं की ये पहली मुलाकात थी। डिनर के दौरान दोनों नेताओं को हाथ मिलाते और आपस में बातचीत करते देखा गया। G-20 डिनर में पीएम मोदी ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से भी मुलाकात की।
पीएम मोदी के बाली दौरे को लेकर विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया अउ कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के बाली में भारतीय प्रवासियों और भारत के दोस्तों की एक सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने भारत और इंडोनेशिया के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों और हमारे जीवंत संबंधों को गहरा करने में प्रवासियों की भूमिका पर प्रकाश डाला’।
मंगलवार को G-20 की तरफ से एक बयान जारी किया गया और कहा गया कि G-20 रूस क्ले आक्रामक तेवर की कड़ी निंदा करता है और यूक्रेन के क्षेत्र से बिना शर्त उसके वापसी की मांग करता है। बयान में यह भी कहा गया है कि रूस के खिलाफ स्थिति और प्रतिबंधों पर अलग-अलग देशों के अलग-अलग विचार हैं। आगे इस मसौदे में कहा गया कि G-20 सुरक्षा मुद्दों को हल करने का मंच नहीं है।
क्या है G20?
G-20 ग्रुप विश्व की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतर सरकारी मंच है। इस समूह में भारत, इंडोनेशिया, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूके, अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं। G-20 अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का प्रमुख मंच है, जो वैश्विक GDP का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व की लगभग दो-तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। भारत वर्तमान में जी-20 ट्रोइका (G-20 की वर्तमान, पिछली और आगामी अध्यक्षता) का हिस्सा है, जिसमें इंडोनेशिया, इटली और भारत शामिल हैं।
बता दें कि इंडोनेशिया के बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन से स्वदेश लौटते ही पीएम नरेंद्र मोदी चुनावी तैयारियों में जुट जाएंगे। इसके बाद पीएम मोदी गुजरात में शनिवार से 3 दिनों में 8 रैलियां करेंगे।
