कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इन दिनों महाराष्ट्र में चल रही है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने यात्रा के 66वें दिन की शुरूआत शनिवार को कलामनुरी से की। शुक्रवार दोपहर को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में प्रवेश किया।
हिंगोली में ही शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने यात्रा में राहुल गांधी का साथ दिया। आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे, शिवसेना विधायक सचिन अहीर के साथ भारत जोड़ो पदयात्रा में शामिल हुए। इससे पहले गुरुवार को एनसीपी के महाराष्ट्र प्रमुख जयंत पाटिल, सांसद सुप्रिया सुले और पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे।
कांग्रेस ने राहुल गांधी और आदित्य ठाकरे की एक तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा, ‘अन्याय के ख़िलाफ़ हम एक हैं – हक़ के लिए मिल कर आवाज़ उठाएंगे – कंधे से कंधा मिलाएंगे – भारत जोड़ते जाएंगे।’
राहुल गांधी ने गुरुवार को नांदेड़ में एक रैली को संबोधित किया था। वहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी नेता और अभिनेता सुशांत सिंह मौजूद थे। राहुल 18 नवंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव में अपनी दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे।
महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से निकलेगी। यह यात्रा राज्य में 381 किलोमीटर की होगी। यात्रा 15 नवंबर को वाशिम, 16 नवंबर को अकोला और 18 नवंबर को बुलढाणा जिले में प्रवेश करेगी। उसके बाद यह यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।
महाराष्ट्र में राहुल की पदयात्रा के दौरान 150 से अधिक प्रमुख नेता, नागरिक समाज के सदस्य, कार्यकर्ता, गैर सरकारी संगठन, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उनके साथ शामिल होंगी।
कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिये लोगों से कनेक्ट होने की कर रही है कोशिश-
कांग्रेस पार्टी को 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में हार का साना तो करना ही पड़ा और साथ ही कई राज्यों में भी उनकी सरकारें एक एक कर चली गई। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी पार्टी छोड़कर चले गए। अब जब 2024 के लोकसभा चुनाव में सिर्फ डेढ़ साल का वक्त बचा है तो कांग्रेस एक बार फिर भारत जोड़ो यात्रा के जरिए संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। भारत जोड़ो यात्रा अभी तीन महीने और चलेगी और राहुल के लिए ये एक बहुत बड़ी चुनौती है कि इस यात्रा के जरिए वो कितने बड़े स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच पाते हैं।
2024 के आम चुनाव से पहले साल 2023 बेहद ख़ास है। साल 2023 में 10 राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इन राज्यों में कर्नाटक, नगालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर और तेलंगाना शामिल हैं। इससे पहले गुजरात, हिमाचल प्रदेश के अलावा दिल्ली में भी एमसीडी के चुनाव होने हैं।
बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (महाराष्ट्र) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है।
