हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों पर आज हो रही है वोटिंग, पीएम, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, CM जयराम समेत सभी ने की वोट डालने की अपील, सुबह 9 बजे तक हुई 4.36% वोटिंग

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हो चुका है और ये शाम 5 बजे तक चलेगा। प्रदेश में सुबह 9 बजे तक 4.36% वोटिंग हुई है. एक चरण में 68 सीटों पर हो रहे प्रदेश के इस चुनाव में 412 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव परिणाम 8 दिसंबर को जारी किए जाएंगे। प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाता हैं। इनमें से 28,54,945 पुरुष और 27,37,845 महिलाएं मतदाता हैं। इसके अलावा, कुल 38 थर्ड जेंडर भी वोट डालेंगे। चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। वोटिंग के लिए प्रदेशभर में 7,884 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

चुनाव आयोग ने इस बार वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया है। राज्य में 2017 के विधानसभा चुनावों में 75.57 प्रतिशत मतदान हुआ था। ये 2012 के विधानसभा चुनावों में 73.5 प्रतिशत मतदान से ज्यादा था। हिमाचल प्रदेश में 80 साल से ज्यादा उम्र के 1,21,409 मतदाता हैं। चुनाव आयोग ने तीन सहायक मतदान केंद्र भी बनाए हैं। प्रदेशभर में 7,884 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 789 बूथ संवेदनशील और 397 संवेदनशील हैं। आयोग ने 15,256 फुट की ऊंचाई पर भी पोलिंग बूथ बनाए हैं। यहां के लाहौल स्पीति जिले के स्पीति क्षेत्र में ताशीगंग, काजा में सबसे ऊंचा बूथ स्थापित किया गया है, जहां 52 मतदाता वोट डालेंगे।

राज्य में कुल 412 प्रत्याशीयों की किस्मत आज ईवीएम में कैद होगी। इनमें से 24 उम्मीदवार महिलाएं हैं। इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में 19 महिला प्रत्याशी थीं। वहीं 2012 में 34 महिलाओं ने दावेदारी की थी.

बीजेपी ने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने और 8 लाख नौकरियों का वादा किया है, जबकि कांग्रेस ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और एक लाख रोजगार और 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड दिए जाने का वादा किया है। एक लाख रोजगार देने का वादा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरफ से किया गया है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परिवार समेत मंडी के सिराज विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन 44 में वोट डाला और उसके बाद उन्होंने कहा कि हम जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। वोट डालने से पहले उन्होंने मंडी के मंदिर में परिवार समेत पूजा की थी। इस दौरान उनकी पत्नी और दोनों बेटियां मौजूद थीं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने वोट डाला। वोट डालने से पहले वो अपने बेटे के साथ शनि मंदिर में पूजा करने के लिए गई थीं। उन्होंने कहा कि हम जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। वहीं सीएम चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि हमें इसके बारे में जानकारी नहीं है वह हाई कमान डिसाइड करेगा।

कांग्रेस विधायक और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ये चुनाव राज्य को आगे ले जाने के लिए लड़ा जा रहा है। ये सिर्फ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बारे में नहीं है बल्कि राज्य के भविष्य के बारे में भी है। वर्तमान सरकार ने समाज के सभी वर्गों की आवाज को दबा दिया और अनदेखी भी की। राज्य में पहले हुए उपचुनाव में बीजेपी की हार हुई थी, वो सेमी फाइनल था ये फाइनल है। बीजेपी ये चुनाव भी हारेगी। कांग्रेस पूर्व बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की जनता से लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेने की अपील की। PM ने ट्वीट कर कहा कि इस वोटिंग में भाग लेकर नया रिकॉर्ड बनाएं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हिमाचल की जनता से वोट डालने की अपील करते हुए कहा कि हिमाचल पुरानी पेंशन व्यवस्था, रोजगार और ‘हर घर लक्ष्मी’ के लिए वोट करेगा।

प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों से वोट करने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, “पहले मतदान, फिर जलपान। प्रिय प्रदेशवासियों आज मतदान का दिन है। हिमाचल के सभी मतदाताओं से मेरा विनम्र आग्रह है कि पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें. भारी संख्या में मतदान करें, आपका एक मत समृद्ध हिमाचल का निर्माण करेगा।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी लोगों से वोट डालने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया, “एक मजबूत और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही हिमाचल प्रदेश को विकास में अग्रणी रख देवभूमि की जनता की आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है. हिमाचल के सभी मतदाताओं विशेषकर माताओं, बहनों व युवाओं से अपील करता हूं कि प्रदेश के सुनहरे कल के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर एक सशक्त सरकार चुने।”

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर कहा कि “पहले मतदान फिर कोई काम। देवभूमि हिमाचल की जनता प्रदेश के स्वर्णिम भविष्य के लिए आज मतदान करने जा रही है। सुशासन युक्त, भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही हिमाचल को प्रगति पथ पर अनवरत आगे ले जायेगी। बढ़चढ़ कर लोकतंत्र के उत्सव के भागीदार बनें, औरों को भी प्रेरित करें, सही चुनें।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लोगों से वोट डालने की अपील की और कहा, ‘हालात को देखते हुए अपनी सूझबूझ से वोट डालें और हिमाचल का भविष्य बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें’।

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक़, चुनाव में कांग्रेस के करीब 90 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा के 82 प्रतिशत उम्मीदवार हैं। AAP ने कुल 68 विधानसभा क्षेत्रों में से 67 पर उम्मीदवार खड़े किए हैं, जिसमें 35 या 52 फीसदी करोड़पति उम्मीदवार हैं। बसपा 53 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और उसके 25 प्रतिशत (यानी 13) उम्मीदवार करोड़पति हैं जबकि सीपीआई (एम) के 36 प्रतिशत (4) उम्मीदवार अमीरों की सूची में हैं। 45 निर्दलीय उम्मीदवार भी करोड़पति हैं। कांग्रेस के 61 उम्मीदवार और बीजेपी के 56 उम्मीदवार करोड़पति हैं। रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 2022 का चुनाव लड़ने वाले 412 उम्मीदवारों में से 55 प्रतिशत (226) करोड़पति हैं। इस सूची में शिमला के चौपाल सीट से भाजपा उम्मीदवार बलवीर सिंह वर्मा 128 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ टॉप पर हैं। शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ रहे विक्रमादित्य सिंह कुल 101 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। विक्रमादित्य पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *