“भारत जोड़ो यात्रा” का 64वां दिन: नांदेड़ में राहुल आज एक जनसभा को करेंगे संबोधित, उद्धव और पवार के यात्रा में शामिल होने की संभावना नहीं, आदित्य होंगे शामिल

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज, गुरुवार को 64वां दिन है। गुरुवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में नांदेड़ के काप्शी चौक से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की। आज सुबह पदयात्रा में लोगों का जबरदस्त हुजूम नजर आया। राहुल आज शाम 6 बजे नांदेड़ में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

आज सुबह जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार, शिवसेना (उद्धव गुट) क अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और एनसीपी प्रमुख शरद पवार इस यात्रा में शामिल नहीं होंगे, लेकिन शिवसेना विधायक और उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे और एनसीपी विधायक रोहित पवार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में सहभागी बनेंगे। शिवसेना (उद्धव गुट) और एनसीपी दोनों ने इन नेताओं के ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने की पुष्टि की है। आदित्य ठाकरे 11 नवंबर को राहुल के साथ यात्रा में शामिल होंगे तो रोहित पवार 3 दिन बाद हिंगोली में यात्रा का हिस्सा होंगे।

आदित्य ठाकरे ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने को लेकर कहा है कि उनके पिता उद्धव ठाकरे ने उन्हें कांग्रेस के इस यात्रा में शामिल होने के लिए कहा है। आदित्य ने कहा, ‘सटीक तारीखों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, लेकिन हम निश्चित रूप से यात्रा में शामिल हो रहे हैं। सभी गठबंधन सहयोगी-शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस-देख रहे हैं कि आज लोकतंत्र और संविधान के लिए एक बड़ा खतरा है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एक साथ खड़ा होना महत्वपूर्ण है।’

बुधवार रात नांदेड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “महाराष्ट्र के लोगों इस बात को जान लीजिए कि आपके प्रोजेक्ट गुजरात भेजे जा रहे हैं क्योंकि गुजरात में चुनाव हैं। हाल में एयरबस प्रोजेक्ट महाराष्ट्र से चला गया। उससे पहले फॉक्सकॉन प्रोजेक्ट भी गुजरात चला गया था। केंद्र सरकार महाराष्ट्र से पैसे के अलावा युवाओं की नौकरी और उनका भविष्य भी छीन रही है।”

राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान के किसान, मजदूर गाड़ी में नहीं चलते, सड़कों पर पैदल चलते हैं। अगर उस हिंदुस्तान को समझना है तो हवाई जहाज, हेलीकॉप्टर, गाड़ी से चलकर नहीं समझा जा सकता। अगर हिंदुस्तान को समझना है तो सड़क पर चलना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने जिस दिन नोटबंदी और गलत GST लागू की वह हिंदुस्तान पर आर्थिक सुनामी लाए। उस समय उन्होंने कहा कि वह काले धन के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। काला धन मिट जाएगा, सबूत आपके सामने हैं। गुजरात को आपके प्रोजेक्ट जा रहे हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हमने भारत जोड़ो यात्रा इसलिए शुरू की, क्योंकि मीडिया हमारे मुद्दों को नहीं उठा रहा था। संसद में जब हम अपने मुद्दे रखते हैं तो दो मिनट में हमारे माइक बंद हो जाते हैं। जब हम नोटबंदी, चीनी सेना की घुसपैठ की बात करते हैं तो हमारे माइक बंद हो जाते हैं।

महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से निकलेगी। यह यात्रा राज्य में 381 किलोमीटर की होगी। नांदेड़ जिले में पांच दिनों की यात्रा ख़त्म होने के बाद यह यात्रा 11 नवंबर को हिंगोली, 15 नवंबर को वाशिम, 16 नवंबर को अकोला और 18 नवंबर को बुलढाणा जिले में प्रवेश करेगी। उसके बाद यह यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

राहुल गांधी की दूसरी रैली 18 नवंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव में होगी, जिसमें कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई लाख लोग शामिल होंगे।

महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस और उनके सहयोगी पार्टियों के कुछ बड़े नेता भी इसमें शामिल होंगे। कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना-उद्धव सहित महाविकास अघाड़ी के बड़े नेता अलग-अलग समय पर पर यात्रा में शामिल होंगे।

महाराष्ट्र में राहुल की पदयात्रा के दौरान 150 से अधिक प्रमुख नेता, नागरिक समाज के सदस्य, कार्यकर्ता, गैर सरकारी संगठन, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उनके साथ शामिल होंगी।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (महाराष्ट्र) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *