दिल्ली-एनसीआर में दिवाली से पहले ही हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुँच गई है। आने वाले दिनों में दिल्ली की आबोहवा ओर जहरीली हो सकती है. हवा की ऐसी स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (जीआरएपी) का दूसरा चरण लागू कर दिया है. जीआरएपी के दूसरे चरण के लागू हो जाने के बाद से होटल, रेस्तरां और खुले भोजनालयों में कोयला या लकड़ी से आग जलाना प्रतिबंधित होगा। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित रहेगा।
राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शनिवार को 250 के पार चला गया। एनसीआर में कई जगहों पर AQI 300 के आस पास बना हुआ है। गुरुग्राम में शनिवार सुबह पीएम 2.5 का स्तर 369 दर्ज किया गया। आगे आने वाले दिनों में भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति रहने के आसार हैं।
सफ़र (वायु गुणवत्ता की प्रणाली और मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान) के मुताबिक, दिल्ली की वायु गुणवत्ता 262 के साथ ‘खराब’ श्रेणी में है। आने वाले दिनों में यह बहुत खराब श्रेणी में जा सकता है। दिवाली के अगले दिन दिल्ली-एनसीआर में धुंध छाये रहने के आसार हैं।
कैसी हवा होती है अच्छी?
0 – 50 AQI – अच्छा
51 – 100 AQI – संतोषजनक,
101 – 200 AQI – मध्यम
201 – 300 AQI – खराब
301 – 400 AQI – बहुत खराब
401 – 500 AQI – गंभीर श्रेणी
शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के शहरों में ये रहा एक्यूआई (AQI )-
दिल्ली- 262
फरीदाबाद-312
गाजियाबाद- 300
ग्रेटर नोएडा- 246
गुरुग्राम- 369
नोएडा- 258
