लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। ACS अवनीश कुमार अवस्थी के रिटायरमेंट के साथ ही गुरुवार की सुबह 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले की खबर के साथ शुरू हुई। इसी कड़ी में अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल को हटाते हुए अपर मुख्य सचिव खेल कूद बनाया गया है। सुधीर महादेव बोबड़े को उच्च शिक्षा विभाग की कमान सौंपी गई है। इससे पहले मोनिका गर्ग उच्च शिक्षा का कार्यभार संभाल रही थीं, गर्ग पर काफी आरोपी भी लगे है तबादले से पहले। तक्षकपोस्ट ने इसकी खबर को प्रमुखता से जगह दी थी।
स्वास्थ्य विभाग में तबादलों पर उठे सवाल के बाद ACS अमित मोहन प्रसाद हटाये गये। वह अब लघु उद्योग,हथकरघा विभाग संभालेंगे।
वहीं सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल का क़द घटाते हुए सहगल का तबादला खेल कूद विभाग में हुआ। इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला के कार्यकाल में यूपी बोर्ड का पेपर लीक होने के बाद उन्हें आयुष विभाग भेजा गया।
प्रतीक्षारत रहे पार्थ सारथी सेन शर्मा प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बनाये गये। इसके अलावा हिमांशु कुमार को ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, डॉक्टर हरिओम को समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव, मोनिका गर्ग को अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं महेश कुमार गुप्ता को उर्जा एवं अतिरिक्त उर्जा स्रोत विभाग का अपर मुख्य सचिव, कल्पना अवस्थी को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है।
मुकेश कुमार मेश्राम को धर्मार्थ कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही अरविंद कुमार को यूपीडा और उपशा के सीईओ के पद का प्रभार दिया गया है। वह फिलहाल अवस्थापना एवं तथा एनआरआई विभाग और पिकप के अध्यक्ष हैं।
राजेश कुमार सिंह प्रथम को प्रमुख सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश शासन तथा महानिदेशक कारागार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर सुधीर महादेव बोबडे को उच्च शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। संजय प्रसाद को प्रमुख सचिव सीएम, प्रोटोकॉल, सूचना एवं जनसंपर्क, गृह, गोपन, वीजा, पासपोर्ट तथा सतर्कता विभाग दिया गया है. इसके अलावा दीपक कुमार को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है।


