राहुल गांधी ने आज हरिद्वार में वर्चुअल रैली में लोगों को संबोधित करते हुये कहा, उत्तराखंड ने कांग्रेस को हमेशा प्यार दिया हैं। सम्मान दिया है इसके लिए मैं आप लोगों को दिल से धन्यवाद कहना चाहता हूं। राहुल ने प्रधानमंत्री पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा देश ने प्रधानमंत्री नहीं राजा चुना है, नरेंद्र मोदी एक प्रधानमंत्री की तरह नहीं देश राजा की तरह चला रहे हैं।
उत्तराखंड की जनता को देश की हालत दिख रही है। मैंने 2 दिन पहले पार्लियामेंट में बोला कि एक देश के दो देश बनाए जा रहे हैं। एक हिंदुस्तान के दो हिंदुस्तान बनाए जा रहे हैं। नरेन्द्र मोदी जी की पॉलिसीज दो देश बना रही है। एक देश, चुने हुए अरबपतियों का, 100-200 लोगों का देश। उसमें प्राइवेट हवाई जहाज, मर्सिडीज गाड़ी, जो भी आप चाहते हो, आपको मिल सकता है। किसानों का खेत चाहिए, वो मिल जाएगा। बीएचईएल को प्राइवेटाइज करवाना होगा, वो हो जाएगा। बिजली, पानी जो भी आपको चाहिए, उस हिंदुस्तान में आपको मिल जाएगी और दूसरा हिंदुस्तान, गरीबों का हिंदुस्तान, किसानों का हिंदुस्तान, मजदूरों का, छोटे व्यापारियों का, युवाओं का हिंदुस्तान, करोड़ों लोगों का हिंदुस्तान। उसमें अगर आपको रोजगार चाहिए, रोजगार नहीं मिल सकता।
राहुल ने नोटबंदी और GST पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया-
नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी की। आप दूसरे हिंदुस्तान के हो, आप बैंक के सामने खड़े थे, नोटबंदी में आपने एक अमीर व्यक्ति को लाइन में देखा? एक अरबपति खड़ा था लाइन में? गलत जीएसटी, जो लागू की उससे अरबपतियों का नुकसान हुआ? केवल छोटे व्यापारियों का नुकसान हुआ, गरीब लोगों का नुकसान हुआ।
राहुल ने कहा कोरोना के समय में उत्तराखंड ने पूरे देश का रिकॉर्ड तोड़ा। कुंभ मेला में कोरोना की टैस्टिंग हुई और सबसे बड़ा भ्रष्टाचार, जो लोग धर्म की बात करते हैं, उन्हीं लोगों ने कुंभ मेले में फेक टैस्टिंग करके आपसे पैसा चोरी किया है। आम तौर से एक मुख्यमंत्री बनता है, भ्रष्ट होता है तो उसको बदल देते हैं, मगर पहली बार यहाँ पर तीन-तीन मुख्यमंत्री बने हैं। तीन-तीन मुख्यमंत्री, भ्रष्टाचार का इन लोगों ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
बेरोजगारी पर राहुल ने कहा है 2 करोड़ रोजगार-
नरेन्द्र मोदी जी कहते थे कि दो करोड़ युवाओं को हर साल मैं रोजगार दिलवाऊंगा। जहाँ भी जाते थे, 15 लाख रुपए बैंक अकाउंट में। जब पूरे देश का मजदूर दिल्ली से, बैंगलोर से, मुंबई से, उत्तर प्रदेश, बिहार की ओर जा रहा था, बीजेपी कहाँ थी – घर में।
उत्तराखंड इस बार बदलाव चाहता है, कांग्रेस पार्टी की सरकार सरकार में आयेगी तो हम चार वायदे पर काम करेंगे – ‘चार धाम, चार काम’ और ये नरेन्द्र मोदी वाले काम नहीं हैं। ये झूठे वायदे नहीं हैं।
हम 4 लाख युवाओं को रोजगार देंगे और इस प्रदेश में आपको सिलेंडर 500 रुपए से कम का मिलेगा।
उत्तराखंड में और जहाँ भी हमारी सरकार बन रही है, वहाँ पर हम ‘न्याय’ योजना लागू करेंगे। ‘न्याय’ योजना एक ऐतिहासिक कदम है। 5 लाख परिवारों को 40 हजार रुपए साल के डायरेक्ट बैंक अकाउंट में दिया जाएगा। गरीबी को हम उत्तराखंड से हमेशा के लिए मिटा देंगे।
स्वास्थ्य की सर्विस हम आपके दरवाजे तक पहुँचाएंगे। आपको दरवाजे के सामने दवाई, डॉक्टर, एम्बुलेंस, कांग्रेस पार्टी पहुंचा कर दिखा देगी। जहाँ गाड़ी वाली एम्बुलेंस नहीं जा पाएगी, वहाँ पर हम मोटर साइकिल वाली एम्बुलेंस की व्यवस्था करेंगे।
किसान इस देश की रीढ़ की हड्डी है और एक साल के लिए हिंदुस्तान के किसान सड़कों पर खड़े थे। कोरोना के समय, ठंड में इस देश के किसान खड़े थे। क्यों खड़े थे- क्योंकि नरेन्द्र मोदी जी ने तीन काले कानून लागू किए। कानून किस चीज के थे? कानून का लक्ष्य क्या था? कानून का लक्ष्य किसानों की आमदनी, किसानों की मेहनत, किसानों की शक्ति को नरेन्द्र मोदी छीनकर 2-3 सबसे बड़े अरबपतियों को देना चाहते थे और किसानों ने कहा कि हम आपसे डरते नहीं हैं, हम आपके सामने खड़े हैं, हम वापस नहीं हटेंगे, आपको जो करना है करो और अंत में नरेन्द्र मोदी जी को, बीजेपी की सरकार को पीछे हटना पड़ा, ये आप सबने देखा।
