संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यूयॉर्क में अब स्कूल में दिवाली की छुट्टी रहेगी। शहर के मेयर एरिक एडम्स ने मंगलवार को ये घोषणा की। न्यूयॉर्क के मेयर ने कहा कि उन्हें स्कूलों में दिवाली की छुट्टी करने के कानून का हिस्सा बनने पर गर्व है। न्यूयॉर्क असेंबली की सदस्य जेनिफ़र राजकुमार ने शहर में भारतीय त्योहार दिवाली की छुट्टी कराने के लिए इस लड़ाई का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि दक्षिण एशियाई समुदाय द्वारा दो दशकों से अधिक की लड़ाई के बाद, उन्हें भारतीय कम्युनिटी, न्यूयॉर्क और अमेरिका के लिए यह जीत दिलाने पर गर्व है।
मेयर एरिक एडम्स ने इस फैसले को स्थानीय परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण जीत बताया। मेयर ने ट्वीट कर लिखा, “मुझे दिवाली को स्कूल में छुट्टी बनाने की लड़ाई में विधानसभा सदस्य जेनिफर राजकुमार और समुदाय के नेताओं के साथ खड़े होने पर बहुत गर्व है। मुझे पता है कि यह साल की शुरुआत में ही हो गया है. फिर भी शुभ दिवाली।”
हालांकि, एसोसिएटेड प्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल छात्रों को दिवाली पर छुट्टी नहीं मिलेगी क्योंकि 2023-2024 का स्कूल कैलेंडर पहले ही तय हो चुका है।
दिवाली को स्कूल कैलेंडर में शामिल करने के बारे में बात करते हुए न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने कहा, “यह एक ऐसा शहर है जो लगातार बदल रहा है, दुनिया भर से समुदायों का लगातार स्वागत कर रहा है। हमारे स्कूल कैलेंडर को जमीनी स्तर पर नई वास्तविकता को प्रतिबिंबित करना चाहिए।” एडम्स ने कहा, “अब हम कह सकते हैं कि न्यूयॉर्क सभी के लिए बना है। कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कहाँ से आए हैं।” इस साल दिवाली 12 नवंबर, रविवार को मनाई जाएगी, इसलिए 2024 में पहली बार स्कूल से एक दिन की छुट्टी होगी।
एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, गवर्नर कैथी होचुल द्वारा न्यूयॉर्क के स्कूलों में दिवाली को सार्वजनिक अवकाश बनाने से संबंधित विधेयक पर हस्ताक्षर करने के बाद नई छुट्टी आधिकारिक हो जाएगी।
