उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में गुरुवार को एक कोचिंग संस्थान में आग लग गई, जिसके बाद छात्रों ने खिड़कियों से छलांग लगा दी। दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम किया। दिल्ली अग्निशमन विभाग ने कहा कि सभी छात्रों को इमारत से बचा लिया गया है। इस दौरान 4 छात्रों के घायल होने की भी खबर है। इस बिल्डिंग में कई कोचिंग सेंटर चलते हैं और जिस समय आग लगी, उस समय इमारत में 300 छात्र थे।
वायरल हुए एक वीडियो में शैक्षणिक संस्थान में आग लगने के बाद छात्रों को तारों के सहारे बचते हुए देखा जा सकता है।
दिल्ली पुलिस PRO सुमन नलवा ने कहा कि आग बिल्डिंग के मीटर में लगी थी। धुंआ ऊपरी मंजिल पर फैल गया जिसके कारण अफरा तफरी मच गई। वहां सिविल सर्विसेस का कोचिंग सेंटर था, कुछ छात्र खिड़की से नीचे आने का प्रयास कर रहे थे। इसमें 3-4 छात्रों को चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है।
मालूम हो कि इससे पहले मई 2019 में सूरत के सरथाना स्थित तक्षशिला कॉम्प्लेक्स में स्थित एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगी थी। इस भीषण अग्निकांड में 20 छात्रों की जान चली गई थी, जबकि इतने ही छात्र घायल हुए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग दोपहर 12.30 बजे लगी और अग्निशमन विभाग द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में ज्यादातर छात्रों को दमकलकर्मियों द्वारा खिड़कियों के माध्यम से बचाया गया है।
दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा कि आग लगने की सूचना दोपहर 12 बजकर 27 मिनट पर मिली और कुल 11 दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया। अतुल गर्ग ने बताया, “आग बिजली के मीटर की वजह से लगी और अब उस पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में चार छात्र घायल हो गए। आग इतनी भीषण नहीं थी।”
अधिकारियों ने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
