तमिलनाडु में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई और कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। विल्लुपुरम जिले के मरक्कनम में नौ की मौत हो गई, जबकि चेंगलपट्टू जिले के मदुरंथकम में चार लोगों की जहरीली शराब के सेवन से मौत हो गई। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने 57 मामले दर्ज किए हैं और नौ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कथित तौर पर नकली शराब और गुटखा का उत्पादन और आपूर्ति की थी।
पुलिस को अब भी इन दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
अधिकारियों ने कहा, “वर्तमान में, दो दर्जन से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है और कहा जा रहा है कि ये सब ठीक हैं।” पुलिस महानिरीक्षक (उत्तर) एन कन्नन ने कहा कि पीड़ितों ने एटेनोल-मेथनॉल पदार्थ के साथ जहरीली शराब का सेवन किया होगा।
कन्नन ने आगे कहा कि, “विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू ज़िलों में नकली शराब की दो घटनाएं सामने आई हैं। विल्लुपुरम ज़िले में 6 लोगों को उल्टी, आंखों में जलन और चक्कर आने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 4 की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। 2 का इलाज जारी है। घटना के संबंध में एक आरोपी अमरन को गिरफ्तार किया गया और नकली शराब जब्त की गई है। चेंगलपट्टू ज़िले के मामले में 5 लोग अस्पताल में भर्ती थे। इनमें से 4 की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। चेंगलपट्टू ज़िले की घटना के सिलसिले में आरोपी अम्मावसाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ही घटनाओं में कुछ आरोपी फरार हैं, उनको पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। दोनों ही मामलों में उद्योगों में प्रयोग करने योग्य जहरीली शराब का इस्तेमाल किया गया है। नकली शराब के मामले में अपना कार्य नहीं करने के कारण दोनों जिलों से 3 इंस्पेक्टर और 4 सब इंस्पेक्टर को निलंबित किया गया है।”
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक बयान में कहा कि वह राज्य में शराब के सेवन से हुई मौतों से दुखी हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये और घटना में अस्पताल में भर्ती लोगों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया। सीएम ने आगे कहा कि चार पुलिस अधिकारियों – मरक्कनम इंस्पेक्टर अरुल वदिवाझगन, सब-इंस्पेक्टर दीबन, कोट्टाकुप्पम प्रोहिबिशन विंग पुलिस स्टेशन इंस्पेक्टर मरिया सोफी मंजुला और सब-इंस्पेक्टर शिवगुरुनाथन को निलंबित कर दिया गया है।
