राहुल गांधी को सजा सुनाने वाले जज को कांग्रेस नेता की धमकी, कहा- “जीभ काट लेंगे”

तमिलनाडु में कांग्रेस के एक नेता ने 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी को दो साल की जेल की सजा सुनाने वाले जज की जीभ काट देने की धमकी दी है। कांग्रेस के इस नेता के खिलाफ उनकी टिप्पणी को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।

कांग्रेस की एससी/एसटी विंग तमिलनाडु के डिंडीगुल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अयोग्यता का विरोध कर रही थी। इसी दौरान पार्टी के जिला प्रमुख मणिकंदन ने कहा- “23 मार्च को सूरत अदालत के न्यायाधीश ने हमारे नेता राहुल गांधी को दो साल की जेल की सजा सुनाई। सुनिए जस्टिस एच वर्मा, जब कांग्रेस सत्ता में आएगी तो हम आपकी जीभ काट देंगे”।

मणिकंदन के खिलाफ तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और डिंडीगुल पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।

बता दें कि पिछले महीने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनकी “मोदी उपनाम” टिप्पणी को लेकर 2019 के एक आपराधिक मानहानि मामले में दोषी ठहराया गया था। उन्हें दो साल जेल की सजा सुनाई गई थी। उसके बाद, राहुल गांधी को संसद सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसने विपक्ष के बीच बड़े पैमाने पर आक्रोश पैदा कर दिया, जिसके बाद गांधी के समर्थन में कई दल सामने आए। उसके बाद से कांग्रेस पार्टी लगातार अपने नेता को मिली सजा और संसद से उनकी अयोग्यता के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन आयोजित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *