बीजेपी का 44वां स्थापना दिवस: पीएम मोदी ने कहा- “भारत ने अपनी ताकत पहचानी है”

आज बीजेपी अपना 44वां स्थापना दिवस मना रही है। इस दिन देश में 14,000 जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर ध्वजारोहण किया। बीजेपी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थापना दिवस पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) भ्रष्टाचार और वंशवाद से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधान मंत्री ने कहा कि बीजेपी के लिए देश सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि पार्टी भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, कानून और व्यवस्था की चुनौतियों से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

PM मोदी ने कहा- आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान की जयंती मना रहे हैं। हनुमान जी का जीवन आज भी हमने भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देते हैं। जब लक्ष्मण जी पर संकट आया तब हनुमान जी पूरा पर्वत ही उठाकर ले आए। भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करती रही है, करते रहना है, करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि, “आज भारत भगवान हनुमान की शक्ति की तरह अपनी क्षमता का एहसास कर रहा है। बीजेपी को भ्रष्टाचार, कानून और व्यवस्था से लड़ने के लिए भगवान हनुमान से प्रेरणा मिलती है। यदि हम भगवान हनुमान के पूरे जीवन को देखें, तो उनका “कर सकते हैं” रवैया था जिसने उन्हें हर तरह की सफलता दिलाने में मदद की”।

पीएम मोदी ने कहा, जब हनुमान जी को राक्षसों का सामना करना पड़ा था तो वो उतने ही कठोर भी हो गए थे। इसी प्रकार से जब भ्रष्टाचार की बात आती है, जब परिवारवाद की बात आती है, कानून व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘बीजेपी भारत के लिए दिन-रात काम कर रही है और हमारी पार्टी ‘मां भारती’, संविधान और राष्ट्र को समर्पित है”।

पीएम मोदी ने “बादशाही” मानसिकता वाले लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 2014 से गरीबों और पिछड़ों, वंचितों का अपमान कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा- “सामाजिक न्याय का नारा राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने वाले विपक्षी दलों के विपरीत, बीजेपी सामाजिक न्याय और सभी वर्गों के रोजगार के लिए प्रयासरत है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन बिना किसी भेदभाव के दिया जा रहा है, ये इसका जीता-जागता उदाहरण है। कांग्रेस की पहचान है वंशवाद, भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, जबकि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति समावेशी है”।

उन्होंने कहा, “हमने ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को अपना आदर्श वाक्य बनाया है। बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है।” पीएम मोदी ने कहा, “हमारी पार्टी और हमारे पार्टी कार्यकर्ता लगातार हनुमान जी के मूल्यों और शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हैं। भारत समुद्र जैसी बड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए और अधिक मजबूत होकर उभरा है। हनुमान जयंती पर, मैं सभी के लिए उनके आशीर्वाद की प्रार्थना करता हूं।”

https://twitter.com/BJP4India/status/1643843084697083908?s=20

पीएम ने कहा कि, ‘बीजेपी की स्थापना से लेकर आज तक जिन महान विभूतियों ने पार्टी को सींचा है। पार्टी को संवारा है, सशक्त और समृद्ध किया है। छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर के वरिष्ठ पद पर रह कर देश और पार्टी की सेवा करने वाले सभी महानुभावों को मैं शीश झुका कर प्रणाम करता हूं’।

वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमें ये संकल्प लेना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम एक पल भी बैठने वाले नहीं हैं और PM मोदी के नेतृत्व में पार्टी को और आगे ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज हमारे 1,80,000 शक्ति केंद्रों पर भाजपा का काम है। आज 8,40,000 बूथ पर भाजपा का बूथ अध्यक्ष मौजूद है। हमने उ.प्र. और उत्तराखंड में सरकार दोबारा बनाई। गोवा में तीसरी बार सरकार बनाई।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का इतिहास भारतीय जनसंघ से जुड़ा है। 21 अक्टूबर 1951 को दिल्ली में जनसंघ की स्थापना हुई थी जबकि बीजेपी का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ। जनसंघ की स्थापना डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, प्रोफेसर बलराज मधोक, दीनदयाल उपाध्याय ने की थी। जनसंघ का चुनाव चिन्ह ‘दीपक’ और झंडा भगवा रंग का था।

बता दें कि पीएम मोदी के संबोधन से पहले बीजेपी ने अपने सभी सांसदों को 6 अप्रैल को संसद में मौजूद रहने को कहा था। पिछले साल भी पार्टी ने संसद में अपने सांसदों के लिए इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया था। 6 अप्रैल को भाजपा का 44वां स्थापना दिवस है और पार्टी ने बूथ स्तर से ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *