पाकिस्तान में एक महीने में दूसरा टारगेट किलिंग, हिंदू डॉक्टर की गोली मारकर की गई हत्या

पाकिस्तान में कराची नगर निगम के सेवानिवृत्त निदेशक और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ बीरबल जेनानी की ल्यारी एक्सप्रेसवे के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इस हमले में उनकी सहायक डॉ कुरतुल-ऐन घायल हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिखा है कि दोनों एक कार में यात्रा कर रहे थे। हमले के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टारगेट किलिंग का मामला होने का संदेह जताया जा रहा है।

पाकिस्तान में इस महीने हिंदू डॉक्टर पर हमले का यह दूसरा मामला है। इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान के हैदराबाद में एक 60 वर्षीय हिंदू डॉक्टर की उसके ड्राइवर ने हत्या कर दी थी। पुलिस ने पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट द नेशन को बताया था कि ड्राइवर ने चाकू से डॉक्टर का गला काट दिया। पुलिस ने चालक को खैरपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया और उसकी पहचान हनीफ लेघारी के रूप में की।

डॉक्टर के रसोइए ने पुलिस को बताया कि घर जाते समय दोनों में कहासुनी हो गई। घर पहुंचने के बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर रसोई से चाकू लिया और अपने ही घर में डॉक्टर की हत्या कर दी।

इससे पहले जनवरी महीने में कराची में एक हिंदू लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका का नाम सारिका था। उसे अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारी थी। मृतका कराची के वासुदेव नाम के शख्स की बेटी थी। जब ये घटना घटी उस वक्त वो कार से कंथकोट से काशमोर जा रही थी। ऐसे ही पिछले साल दिसंबर में सिंध प्रांत में एक हिंदू महिला को क्रूर तरीके से मौत के घाट उतार दिया गया था। उसका नाम दया भील था। इस हत्या के बाद बहुत बवाल भी मचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *