कर्नाटक की पहली चुनावी रैली में केजरीवाल ने सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर पीएम और केंद्र पर साधा निशाना

दिल्ली आबकारी नीति मामले में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा। चुनावी राज्य कर्नाटक के दौरे पर आए आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक ने सवाल उठाया कि भ्रष्टाचार विरोधी अधिकारियों द्वारा चन्नागिरी से बीजेपी विधायक मदल विरुपक्षप्पा के आवास से करोड़ों रुपये बरामद किए जाने के बाद भी उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया?

कर्नाटक में अपनी पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आप सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि, ”कर्नाटक मंध 40 फीसदी कमीशन की सरकार है। इस संदर्भ में केजरीवाल ने विरुपाक्षप्पा के बेटे प्रशांत कुमार से 8.23 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद होने का जिक्र किया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि, “हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक आकर लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत की अपील की ताकि राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार स्थापित की जा सके। तभी किसी ने उन्हें याद दिलाया कि राज्य में पहले से ही बीजेपी की सरकार है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आप पिछले चार साल में भ्रष्टाचार क्यों नहीं मिटा पाए”?

उन्होंने कहा कि अमित शाह के दिल्ली लौटने के अगले ही दिन एक बीजेपी विधायक के बेटे को करोड़ों की बेहिसाब नकदी के साथ पकड़ा गया। आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा दिल्ली के उपमुख्यमंत्री सिसोदिया की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, “विधायक और उनके बेटे को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। इसके बजाय, मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया गया।”

बीजेपी विधायक विरुपाक्षप्पा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि लोकायुक्त ने राज्य में कई जगहों पर छापेमारी के बाद उनके बेटे प्रशांत को गिरफ्तार किया है, जो एक सरकारी अधिकारी हैं।

आप प्रमुख ने कहा कि राज्य ठेकेदार संघ के अध्यक्ष केम्पन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा है कि कर्नाटक के मंत्री 40 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ठेकेदारों, निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों और मठों से 40 प्रतिशत कमीशन लिया जाता है।

बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने चुटकी ली: “डबल-इंजन सरकार में भ्रष्टाचार दोगुना हो जाता है। हमें एक नए सरकारी इंजन की जरूरत है।”

उन्होंने राज्य के लोगों से आम आदमी पार्टी को कर्नाटक में बदलाव करने का मौका देने की अपील की। केजरीवाल ने कहा, “हम पक्के ईमानदार हैं। हम भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे। हम मुफ्त बिजली देंगे, अच्छे सरकारी स्कूल बनाएंगे और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देंगे।”

बता दें कि कर्नाटक में मई तक विधानसभा चुनाव होने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *