‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 126वां दिन: कठुआ से आगे बढ़ी यात्रा, संजय राउत भी हुए शामिल, कहा- ‘राहुल गांधी आवाज उठाने वाले नेता’

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुक्रवार सुबह कठुआ से शुरू हुई। यात्रा में आज शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत भी शामिल हुए। ये यात्रा हीरानगर, बनिहाल टनल होते हुए कश्मीर घाटी तक जाएगी। राहुल श्रीनगर में 30 जनवरी को एक विशाल रैली के साथ यात्रा का समापन करेंगे। इस यात्रा में राहुल के साथ फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और सीपीएम नेता यूसुफ तारिगामी भी जुड़ेंगे।

संजय राउत ने कहा, “मैं शिवसेना की तरफ से आया हूं। देश का माहौल बदल रहा है और मैं राहुल गांधी को आवाज़ उठाने वाले नेता की तरह देखता हूं। उनके समर्थन में भीड़ उमड़ रही है और लोग जुड़ रहे हैं।”

शुक्रवार सुबह जब राहुल ने कठुआ से यात्रा शुरू की तब बारिश हो रही थी। यात्रा के दौरान पहली बार राहुल गांधी जैकेट में नजर आए।

राहुल गांधी गुरुवार शाम को ही जम्मू के लखनपुर पहुंच गए थे। यहां उन्होंने महाराजा गुलाब सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए थे। उसके बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने हाथ में मशाल लेकर उनका स्वागत किया था। इस दौरान राहुल ने कहा कि, “जम्मू-कश्मीर के लोगों ने बहुत दुख देखे हैं। मैं यहां के लोगों का दुख-दर्द बांटने आया हूं। कुछ साल पहले मेरा परिवार जम्मू-कश्मीर में रहता था। जिस धरती पर मेरा परिवार रहता था, वहां मैं पैदल चलकर जा रहा हूं”।

फारूक अब्दुल्ला ने राहुल की तुलना आदि गुरु शंकराचार्य से की। उन्होंने कहा कि सदियों पहले शंकराचार्य ने कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा शुरू की थी। राहुल ऐसा करने वाले दूसरे इंसान हैं। राहुल गांधी भारत को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के कश्मीर पहुंचने से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर अर्लट जारी किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रा के कश्मीर चैप्टर के दौरान राहुल गांधी को कुछ जगहों पर पैदल नहीं चलने की सलाह दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुरक्षित रखने के लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है और उन्हें यह सलाह दी गई है कि उन्हें पैदल यात्रा करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल को पैदल चलने के बजाय कार से ही यात्रा करनी चाहिए।

26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा-

जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।

बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा ने अब तक 11 राज्यों का सफर तय कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और पंजाब शामिल हैं। राहुल ने अब तक करीब 3500 किमी की यात्रा को पूरा कर लिया है। फिलहाल यात्रा पंजाब में है। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में होगा। श्रीनगर मं् यात्रा के समापन के लिए 21 पार्टियों को निमंत्रण भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *