कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को राहुल गांधी पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे। कांग्रेस स्थापना दिवस पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नेपार्टी का झंडा फहराया।
एक बार फिर राहुल गांधी टी-शर्ट पहनकर ही पार्टी दफ्तर पहुंचे थे। वहां, एक रिपोर्टर ने राहुल गांधी से टीशर्ट को लेकर सवाल किया, जिसका उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया कि ‘अभी टीशर्ट ही चल रही है और जब तक टीशर्ट चल रही है, चलाएंगे।’ इस दौरान खूब हंसी-ठहाके भी लगे। इससे पहले भी राहुल गांधी टी-शर्ट में नजर आ चुके हैं।
स्थापना दिवस के मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं ऐसे संगठन का हिस्सा हूं, जिसने हर परिस्थिति में सत्य, अहिंसा और संघर्ष का रास्ता चुना और हर कदम हमेशा लोकहित में उठाया।
इससे पहले ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के दिल्ली प्रवास के दौरान बीते सोमवार को राहुल गांधी को कड़ाके की ठंड में सिर्फ एक टी-शर्ट पहने दिखे थे। राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि ‘राजघाट’, देश के पहले प्रधानमंत्री और अपने परदादा पंडित जवाहरलाल नेहरू की समाधि ‘शांतिवन’, अपनी दादी और भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की समाधि ‘शक्ति स्थल’, देश के दूसरे प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की समाधि ‘विजय घाट’ तथा भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि ‘सदैव अटल’ पर भी जाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए थे।
