गुजरात चुनाव: इस बार 1274 पोलिंग स्टेशनों की कमांड महिलाओं के हाथ में होगी तो वहीं 33 पोलिंग स्टेशन यंग पोलिंग टीम द्वारा होंगे संचालित, पहली बार शिपिंग कन्टेनर भी बनेगा पोलिंग स्टेशन

गुजरात में चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। चुनाव आयोग ने कहा है कि गुजरात में दो चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। राज्य में पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। चुनाव का परिणाम हिमाचल प्रदेश के ही साथ 8 दिसंबर को जारी किया जाएगा। आयोग ने बताया कि पहले चरण के चुनाव लिए अधिसूचना 5 नवंबर तो दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 10 नवंबर को जारी की जाएगी। नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 14 नवंबर है. नॉमिनेशन की स्क्रूटिनी 15 नवंबर को होगी और वापस लेने की आखिरी तारीख 17 नवंबर है।

पहले चरण में इन जिलों में होगी वोटिंग-

1) कच्छ
2) सुरेंद्रनगर
3) राजकोट
4) जामनगर
5) पोरबंदर
6) जूनागढ़
7) गिर सोमनाथ
8) अमरेली
9) भावनगर
10) सूरत
11) नवसारी
12) वलसाड

दूसरे चरण में इन जिलों में होगी वोटिंग-

1) बनासकंठा
2) पाटन
3) मेहसाणा
4) सबरकंठा
5) अहमदाबाद
6) आणंद
7) खेड़ा
8) पंचमहल
9) दाहोद
10) वडोदरा

चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि गुजरात में 18 फरवरी 2023 को विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इस बार के चुनाव में राज्य में 4 करोड़ 90 लाख 89 हजार 765 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं में 2 करोड़ 53 लाख से ज्यादा पुरुष मतदाता और 2 करोड़ 37 लाख से ज्यादा महिला मतदाता हैं। इस बार के चुनाव में कुल 51782 पोलिंग स्टेशन होंगे. गिर फॉरेस्ट के लिए एक पोलिंग स्टेशन का प्रबंध किया गया है, वहां एक ही वोटर है।

आयोग ने कहा कि इस बार राज्य में 182 मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। 1274 पोलिंग स्टेशन ऐसे होंगे जिनकी कमांड महिलाओं के हाथ में रहेगी। वहीं युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए 33 पोलिंग स्टेशन ऐसे होंगे जो यंग पोलिंग टीम द्वारा संचालित किए जाएंगे। ये अनोखे पोलिंग स्टेशन होंगे। पहली बार शिपिंग कन्टेनर भी पोलिंग स्टेशन के रूप में काम करेगा

चुनाव आयोग ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को घर से वोट करने की सुविधा होगी तो वहीं कोरोना मरीजों को भी घर से मतदान करने की सुविधा मिलेगी।

चुनाव आयोग ने बताया कि CVigil मोबाइल App के जरिए कोई भी नागरिक चुनाव आयोग को शिकायत कर सकता है। उसे उसकी शिकायत का समाधान 100 मिनट के अंदर मिलेगा।

आयोग ने कहा कि नागरिकों को KYC ऑप्शन के जरिए अपने उम्मीदवार की आपराधिक जानकारी मिलेगी। कोई भी नागरिक अगर अपने कैंडिडेट के बारे में जानना चाहता है वो निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर KYC ऑप्शन में देख सकता है. चुनाव में हो रहे खर्च पर राज्य और केंद्रीय एजेंसियां नजर रखेंगी।

2017 विधानसभा चुनाव का रिजल्ट ये था-

2017 के चुनाव में बीजेपी को कुल 182 सीटों में 99 सीटों पर जीत मिली थी तो वहीं कांग्रेस को 77 सीटों पर जबकि अन्य के खाते में 6 सीटें गई थीं। गुजरात में बहुमत का आंकड़ा 92 है।

बता दें कि गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं जिसमे 13 सीटें अनुसूचित जाति और 27 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी, 2023 को खत्म हो रहा है। राज्य में अब तक हुए चुनावों में हमेशा बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला होता रहा है, लेकिन इस बार के चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है क्योंकि इस बार आम आदमी पार्टी ने राज्य में जबरदस्त तरीके से दस्तक दिया है और कहें तो अपने लुभावने वादों से जनता को मोह भी रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *