“भारत जोड़ो यात्रा” का 57वां दिन: तेलंगाना के रुद्रराम से शुरू हुई यात्रा, पूर्व एडमिरल रामदास भी हुए शामिल; राहुल का बच्चे के साथ ‘कराटे’ का वीडियो हुआ वायरल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 57वां दिन है। गुरुवार को ये यात्रा अपने तेलंगाना चरण के तहत रुद्रराम से शुरू हुई। गुरुवार सुबह इस यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ साथ अन्य लोगों का हुजूम दिखा।

आज की यात्रा में नौसेना के पूर्व अध्यक्ष एडमिरल रामदास और उनकी पत्नी ललिता रामदास भी शामिल हुए। कांग्रेस के महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल रामदास 89 साल की उम्र में भी सार्वजनिक हित के लिए अथक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपनी पत्नी ललिता रामदास के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 57वें दिन राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की।

आज की पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी एक बच्चे को कराटे सिखाते भी दिखाई पड़े। कांग्रेस ने अपने ऑफिसियल ट्विटर हैंडल पर इसका वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि “टेक्निक गलत हो तो देश तबाही के रास्ते पर चला जाता है, ये तो बच्चे बच्चों के भविष्य का सवाल ठहरा। एक बच्चे को सही टेक्निक सिखाते हुए राहुल गांधी जी’। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इससे पहले, बुधवार को भी राहुल गांधी का एक वीडियो सामने आया था जिसमें वो बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए थे और वो बॉलिंग कर रहे थे। उस वीडियो में एक बच्चा टीम इंडिया की जर्सी पहनकर उनकी गेंदों का सामना कर रहा था। इसके बाद राहुल ने क्रिकेट बैट पर उसे अपना ऑटोग्राफ भी दिया था।

गुरुवार को पदयात्रा के दौरान राहुल आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण ओडिशा के आदिवासी लोगों के पारंपरिक लोक नृत्य ‘धीमसा’ का प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के एक कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने खुद भी डांस किया।

तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष एवं सांसद ए रेवंत रेड्डी, लोकसभा सदस्य एन उत्तम कुमार रेड्डी और पार्टी के अन्य नेता भी गुरुवार सुबह पदयात्रा में राहुल के साथ दिखे। आज रात ‘भारत जोड़ो यात्रा’ संगारेड्डी के शिवमपेट में विश्राम करेगी। सूत्रों ने बताया है कि शुक्रवार को विश्राम का दिन है।

बता दें कि तेलंगाना में “भारत जोड़ो यात्रा’ 16 दिनों तक चलेगी और इस दौरान ये यात्रा 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों को कवर करेगी। इन 16 दिनों में ये यात्रा प्रदेश में 375 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक चार राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश को कवर चुकी है और अभी तेलंगाना से गुजर रही है। कांग्रेस की 3750 किमी की यह यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी। यह कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,750 किमी का सफर पूरा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *