दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को घोषणा की कि अगर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी 2025 के विधानसभा चुनावों के बाद तीसरी बार सत्ता में लौटती है तो राष्ट्रीय राजधानी में 18 वर्ष से अधिक उम्र की प्रत्येक महिला के खाते में 2,100 रुपये जमा किए जाएंगे। हालाँकि, उन्होंने कहा कि कल से पंजीकरण शुरू होने के बावजूद, राशि तुरंत जमा नहीं की जाएगी क्योंकि महत्वपूर्ण चुनावों की तारीख अगले 10 से 15 दिनों में घोषित की जाएगी।
उन्होंने कहा, “मैंने पहले हर महिला को 1,000 रुपये देने का वादा किया था। लेकिन कुछ महिलाएं मेरे पास आईं और कहा कि महंगाई के कारण 1,000 रुपये पर्याप्त नहीं होंगे। इसलिए, सभी महिलाओं के खाते में 2,100 रुपये जमा किए जाएंगे।”
उन्होने कहा, ”आज सुबह आतिशी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके बाद यह योजना लागू कर दी गई है।”
केजरीवाल ने कहा कि महिलाएं अपना परिवार चलाती हैं, बच्चों को अच्छे संस्कार देती हैं, बच्चों को बड़ा बनाती हैं। इस काम में अगर हम थोड़ी बहुत उनकी मदद कर सकें तो हम अपने आप को सौभाग्यशाली समझते हैं। हिंदू धर्म में कहते हैं, नारी को जहां पूजते हैं, देवता वहीं बसते हैं। इस योजना के साथ मैं समझता हूं कि दिल्ली सरकार का खर्चा नहीं होगा बल्कि दिल्ली सरकार की खूब बरकत होगी।
केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग कह रहे थे कि ये तो हो ही नहीं सकता। लेकिन केजरीवाल जो ठान लेता है, वह करके रहता है, फिर मुझे कोई ताकत नहीं रोक सकती। दिल्ली के मेरे दो करोड़ लोगों के साथ मिलकर हम बड़ी से बड़ी अड़चनों को पार करके अपने सारे काम करवा लेते हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले कहते हैं कि केजरीवाल झूठ बोल रहा है, पैसे कहां से आएंगे? मैं बीजेपी वालों को कहना चाहता हूं कि मैं जादूगर हूं, मैं अकाउंट का जादूगर हूं। मुझे पता है कि पैसे कहां से लाने हैं, पैसे कहां से बचाने है और पैसे कहां पर खर्च करने हैं। तुम चिंता मत करो। मैंने अगर कह दिया तो कह दिया। मैंने कहा कि हजार रुपये हर महीने दूंगा तो हजार रुपये हर महीने आज से शुरू कर दिए हैं।
वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने कहा, ”यह महिलाओं के लिए बहुत बड़ी घोषणा है। दिल्ली में इसे मार्च में बजट में पास किया गया था लेकिन इसे रोकने के लिए अरविंद केजरीवाल को जेल भेज दिया गया। इसे रोकने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन आज हमें एक बड़ी सफलता मिली जब (दिल्ली) कैबिनेट ने इसे पारित कर दिया। अरविंद केजरीवाल ने आज एक बड़ी घोषणा की है कि इस साल 1000 रुपये की योजना को अगले साल बढ़ाकर 2100 रुपये कर दिया जाएगा।”
मालूम हो कि इस साल मार्च में, तत्कालीन केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने मुख्यमंत्री सम्मान योजना के तहत राष्ट्रीय राजधानी में 18 साल से ऊपर की सभी महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह देने की घोषणा की थी।
दिल्ली की पहल मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना से मिलती जुलती है, जिसके तहत निम्न और मध्यम वर्ग के घरों की महिलाओं को उनके खातों में 1,000 रुपये का मासिक हस्तांतरण प्राप्त होगा।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने के बाद केजरीवाल को 13 सितंबर को तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया था। चार दिन बाद उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए जनवरी 2025 में चुनाव होने की उम्मीद है। AAP ने अब तक चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवारों की दो सूची जारी की है।
