पीएम मोदी ने नीरज चोपड़ा को किया फोन, उनके धैर्य और मां की खेल भावना की सराहना की

पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फ़ोन पर बात की। पीएम ने उनकी चोट के बारे में भी जानकारी ली और उनकी मां की खेल भावना की सराहना की। गुरुवार (8 अगस्त) को, नीरज ने फ्रांस के स्टेड डी फ्रांस में 89.45 मीटर थ्रो किया और अपने सीज़न का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

https://x.com/ANI/status/1821834897050251531

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.54 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। एथलेटिक्स इवेंट के बाद पीएम मोदी ने नीरज को फ़ोन किया और उन्हें रजत पदक के लिए बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने नीरज से उनकी चोट के बारे में भी पूछा, जो पेरिस ओलंपिक से पहले उन्हें परेशान कर रही थी। इससे पहले इसी साल जून में नीरज ने कहा था कि वह अपनी चोट से निपटने के लिए डॉक्टरों से सलाह लेना चाहते हैं।

पहलवान सुशील कुमार और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु के बाद लगातार ओलंपिक में पदक जीतने वाले नीरज तीसरे भारतीय बन गए हैं।

नीरज ऐसे पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं, जिन्होंने ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीतने के बाद एक और मेडल जीता।

प्रधानमंत्री ने नीरज की खेल भावना के लिए उनकी मां की भी सराहना की।

नीरज की मां सरोज ने कहा, “हम रजत से खुश हैं। जिसने स्वर्ण पदक जीता वह भी हमारे बेटे जैसा है। वह घायल हो गया था, इसलिए हम उसके प्रदर्शन से खुश हैं।”

नीरज अच्छी शुरुआत नहीं कर सके और उन्होंने फाउल थ्रो किया। लेकिन उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में शानदार थ्रो करके रजत पदक की स्थिति में प्रवेश किया।

फाइनल में नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन ऐसा रहा:

पहला प्रयास- फाउल
दूसरा प्रयास- 89.45 मीटर
तीसरा प्रयास- फाउल
चौथा प्रयास- फाउल
पांचवां प्रयास- फाउल
छठा प्रयास- फाउल

मालूम हो कि भारत का मौजूदा ओलंपिक में ये पांचवां पदक रहा। इससे पहले भारत ने चार मेडल जीते थे। इसमें से तीन ब्रॉन्ज शूटिंग और एक हॉकी में आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *