ओमान में जहाज पलटने की घटना के बाद चालक दल के 8 भारतीय समेत नौ सदस्यों को बचाया गया, कई अब भी हैं लापता

ओमान के समुद्रीय तट पर मंगलवार देर रात करीब 117 मीटर लंबा तेल का जहाज ‘प्रेस्टीज फाल्कन’ डूब गया। इस जहाज पर 13 भारतीय और 3 श्रीलंकाई नागरिकों सहित चालक दल के 16 सदस्य थे। इनमें से 8 भारतीय समेत चालक दल के नौ सदस्यों को बचा लिया गया है। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तेग ने बचाव अभियान चलाया और एक श्रीलंकाई और आठ भारतीय नाविकों को बचाया गया। नौसेना ने खोज और बचाव अभियान चलाने के लिए ओमानी जहाजों और कर्मियों के साथ अपने समुद्री निगरानी विमान पी-8आई को भी तैनात किया है।

इंडियन नेवी ने एक बयान में कहा, “भारतीय नौसेना के मिशन में तैनात युद्धपोत आईएनएस तेग ने पलटे हुए तेल टैंकर एमवी प्रेस्टीज फाल्कन के लिए एसएआर सहायता प्रदान करते हुए 9 (8 भारतीय और 1 श्रीलंकाई) कर्मियों को बचाया है। एमवी 15 जुलाई को रास मद्रकाह, ओमान से लगभग 25 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में डूब गया था और ओमान अधिकारियों के समन्वय में खोज और बचाव प्रयास 16 जुलाई की सुबह से जारी है। बताया गया है कि एमवी में 13 भारतीय और 3 श्रीलंकाई सहित चालक दल के कुल 16 सदस्य थे। भारतीय और ओमानी एजेंसियों द्वारा खोज और बचाव चुनौतीपूर्ण मौसम में किया जा रहा है क्योंकि क्षेत्र में तूफानी समुद्र और तेज़ हवाएँ चल रही हैं। जीवित बचे लोगों की तलाश में भारतीय नौसेना का लंबी दूरी का समुद्री टोही विमान P8I भी मदद कर रहा है।”

https://x.com/ANI/status/1813601339257315567

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, “भारतीय युद्धपोत उस क्षेत्र में ऑपरेशनल टर्नअराउंड कर रहा था, जहां से उसे सोमवार (15 जुलाई) को खोज और बचाव अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया गया था। युद्धपोत ने मंगलवार (16 जुलाई) की सुबह पलटते तेल टैंकर का पता लगा लिया था।”

समुद्री सुरक्षा केंद्र (एमएससी) ने कहा कि चालक दल के शेष सदस्यों को खोजने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक टैंकर अदन के यमनी बंदरगाह की ओर जा रहा था।

ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि तेल टैंकर “डूबा हुआ और उलटा” रहा। हालाँकि, इसने पुष्टि नहीं की कि जहाज स्थिर हो गया था या तेल या तेल उत्पाद समुद्र में लीक हो रहे थे।

इस जहाज का निर्माण 2007 में हुआ था। माना जाता है कि ऐसे छोटे टैंकर आम तौर पर छोटी यात्राओं के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।

दुकम बंदरगाह ओमान के दक्षिण-पश्चिमी तट पर स्थित है, जो देश की प्रमुख तेल और गैस खनन परियोजनाओं का एक प्रमुख केंद्र है। दुकम के इंडस्ट्रियल एरिया में यहां एक प्रमुख तेल रिफाइनरी भी है। इसे ओमान की सबसे बड़ी आर्थिक परियोजना कहा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *