आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी विभव कुमार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उन पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सांसद ने आरोप लगाया है कि उन पर शारीरिक हमला किया गया, लातों से कई बार मारा गया, यहां तक कि “संवेदनशील शरीर के अंगों” पर भी हमला किया गया। सूत्रों ने बताया कि शिकायत में हमले का विवरण दिया गया है, जिसमें कहा गया कि कुमार ने उन्हें थप्पड़ मारा, लात मारी, छड़ी से पीटा और पेट में भी मारा।
आप सांसद ने गुरुवार को एक लिखित शिकायत तब दर्ज कराई जब दिल्ली पुलिस की एक उच्च स्तरीय टीम ने उनका बयान दर्ज करने के लिए उनके आवास का दौरा किया। एक सूत्र के मुताबिक, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राज्यसभा सांसद से विवरण मांगने में लगभग चार घंटे बिताए।
दिल्ली पुलिस ने विभव कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने विभव कुमार के खिलाफ IPC की धारा 354 (स्त्री की मर्यादा को ठेस पहुंचाना), 506 (आपराधिक धमकी), 509 (किसी महिला की गरिमा का अपमान करने के उद्देश्य से कुछ कहना, इशारे या कार्य करना) और 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत FIR दर्ज की है।
दिल्ली पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने के बाद आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल की एम्स में मेडिकल जांच भी कराई गई।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, मालीवाल ने घटना और उन परिस्थितियों के बारे में विस्तार से बताया जिनके तहत उन्होंने सोमवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को कॉल की थी। मालीवाल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विभव ने उन्हें थप्पड़ मारा, लाठियों से पीटा, पेट में मारा और उनके साथ मारपीट की।
शिकायत दर्ज हो जाने के बाद AAP सांसद ने पहली बार घटनाक्रम पर टिप्पणी करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। मालीवाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि “उचित कार्रवाई की जाएगी”। उन्होनें कहा कि मेरे साथ जो हुआ, वो बहुत बुरा था। मेरे साथ हुई घटना पर मैंने पुलिस को अपना स्टेटमेंट दिया है। मुझे आशा है कि उचित कार्रवाई होगी। पिछले दिन मेरे लिए बहुत कठिन रहे हैं। जिन लोगों ने प्रार्थना की, उनका धन्यवाद करती हूं। जिन लोगों ने Character Assassination करने की कोशिश की, और ये बोला कि दूसरी पार्टी के इशारे पर कर रही हैं, भगवान उन्हें भी खुश रखे। देश में अहम चुनाव चल रहा है, स्वाति मालीवाल ज़रूरी नहीं है, देश के मुद्दे ज़रूरी हैं। बीजेपी वालों से ख़ास गुज़ारिश है कि इस घटना पर राजनीति न करें।
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की पूर्व प्रमुख मालीवाल ने सोमवार को आरोप लगाया था कि केजरीवाल के निजी स्टाफ के एक सदस्य विभव कुमार ने मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर उनके साथ ”मारपीट” की। हालाँकि, तब कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई थी।
आरोपों के एक दिन बाद आप ने आरोपों की पुष्टि की और कहा कि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मामले में कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि मालीवाल से जुड़ी घटना “अत्यधिक निंदनीय” है।
हालाँकि, अरविंद केजरीवाल ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है, जिससे काफी विवाद खड़ा हो गया है। कुमार को मुख्यमंत्री कार्यालय में एक प्रमुख व्यक्ति के रूप में देखा जाता है।
बीजेपी नेताओं ने इस घटना को लेकर आप प्रमुख पर निशाना साधा और उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए। बुधवार को भगवा पार्टी ने केजरीवाल के आवास के पास विरोध प्रदर्शन भी किया।
