BJP नेता सुशील मोदी बोले, ‘6 महीने से कैंसर से लड़ रहा हूं, लोकसभा चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा’

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने एक दुखद जानकारी शेयर की है। सुशील मोदी ने बताया है कि पिछले 6 माह से वह कैंसर से संघर्ष कर रहे हैं। बीजेपी सांसद सुशील मोदी ने बुधवार को कहा कि वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ पाएंगे क्योंकि वह ‘पिछले छह महीने से कैंसर से लड़ रहे हैं।’ बीजेपी नेता ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस घटनाक्रम से अवगत कराया है। बिहार के 72 वर्षीय पूर्व उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने इसकी घोषणा अब इसलिए की क्योंकि उन्हें लगा कि “लोगों को बताने का समय आ गया है”।

सुशील मोदी ने एक पोस्ट में कहा, “पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूँ। अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है। लोक सभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊँगा। PM को सब कुछ बता दिया है। देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित।”

https://x.com/SushilModi/status/1775401127351304541?s=20

सुशील मोदी की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, भाजपा नेता और पार्टी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उन्हें “गहरा दुख” हुआ है। उन्होंने कहा, “मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुशील कुमार मोदी जी के अस्वस्थ होने की सूचना मिली है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से कामना करता हूँ। स्वस्थ होकर पुनः सक्रिय जीवन में आएं, ऐसी प्रार्थना बिहार की जनता भी करती है।”

सुशील मोदी को बिहार की राजनीति में बीजेपी का बड़ा नेता माना जाता है। बीजेपी नेता सुशील मोदी लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने 2004 के लोकसभा चुनाव में भागलपुर से जीत हासिल की थी, लेकिन बिहार में नीतीश के साथ सरकार बनाने के बाद उन्होंने संसद से इस्तीफा दे दिया था और फिर 2005 से 2013 तक बिहार सरकार में लगातार उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री बने रहे।

दिसंबर 2020 में लंबी बीमारी के कारण लोक जनशक्ति पार्टी के सुप्रीमो राम विलास पासवान के निधन के बाद खाली हुई सीट को भरने के लिए उन्हें बिहार से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *