हरदा विस्फोट में करीब एक दर्जन लोगों की मौत: पटाखा फैक्ट्री मालिक समेत 3 गिरफ्तार, दूसरे राज्य में भागने की थी कोशिश

मध्य प्रदेश के हरदा शहर में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में 11 लोगों की मौत के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरदा पटाखा फैक्ट्री का मालिक राजेश अग्रवाल भी शामिल है। अग्रवाल को पुलिस ने उस समय पकड़ लिया जब वह अपनी कार से राष्ट्रीय राजधानी की ओर भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने मामले में दो और लोगों सोमेश अग्रवाल और रफीक खान को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के खिलाफ दायर आरोपों में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या), 308 (गैर इरादतन हत्या करने का प्रयास), और 34 (सामान्य इरादे को आगे बढ़ाने में कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कार्य) एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 शामिल है।

सारंगपुर एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया की मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश और दिल्ली को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे पर सारंगपुर पुलिस ने रात 9 बजे राजीव अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल और रफीक को गिरफ्तार किया है। कागजी कार्रवाई के लिए भोपाल आईजी के निर्देश पर आरोपियों को हरदा भेजा गया है।

भोपाल से लगभग 150 किमी दूर हरदा जिले के बैरागढ़ स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को एक के बाद एक कई धमाके हुए थे। इस धमाके में अब तक 11 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और कमोबेश 174 लोग घायल हैं। विस्फोट इतना भयानक था कि फैक्ट्री का मलबा दूर तक जा पहुंचा। पास में बनी कॉलोनी में भयानक तबाही मची। हादसे के बाद घटनास्थल की आई तस्वीरों में देखा गया कि इलाका पूरा साफ हो चुका है। दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद है और भारी पुलिस बलों की मौके पर तैनाती है।

नर्मदापुरम आयुक्त पवन शर्मा ने कहा, “घटना स्थल से अब तक 174 लोगों को बचाया गया है – 34 को भोपाल और होशंगाबाद रेफर किया गया, जबकि 140 का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिन लोगों को रेफर किया गया था उनमें से एक की मौत की सूचना मिली है और जिला अस्पताल से 10 लोगों की मौत की सूचना मिली है।”

अधिकारी तुरंत विस्फोट स्थल पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास किए। आग पर काबू पाने के बाद, साइट से मलबा हटाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

One thought on “हरदा विस्फोट में करीब एक दर्जन लोगों की मौत: पटाखा फैक्ट्री मालिक समेत 3 गिरफ्तार, दूसरे राज्य में भागने की थी कोशिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *