22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन केंद्र सरकार के कार्यालयों, संस्थानों में आधे दिन की रहेगी छुट्टी

केंद्र सरकार ने राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर पूरे भारत में सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, केंद्रीय संस्थानों और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों को 22 जनवरी 2024 को दोपहर 2:30 बजे तक आधे दिन बंद रखने की घोषणा की है। कार्मिक विभाग ने अपने आदेश में कहा कि कर्मचारियों को समारोह में भाग लेने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

एक सरकारी प्रेस बयान में कहा गया, “अयोध्या में राम लला प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को पूरे भारत में मनाई जाएगी। कर्मचारियों को समारोह में भाग लेने में सक्षम बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि पूरे भारत में सभी केंद्र सरकार के कार्यालय, केंद्रीय संस्थान और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठान 22 जनवरी, 2024 को 14:30 बजे (दोपहर 2:30 बजे) तक बंद रहेंगे।

https://x.com/PTI_News/status/1747920244478562464?s=20

बयान में कहा गया है, “भारत सरकार के सभी मंत्रालय/विभाग उपरोक्त निर्णय को सभी संबंधितों के ध्यान में ला सकते हैं।”

केंद्र सरकार ने जारी किए गए पत्र में कहा है कि कर्मचारियों की भारी भावना और उनके अनुरोध के कारण केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है।

मंदिर के उद्घाटन की तैयारियों को लेकर पीएम मोदी ने सभी मंत्रियों से फीडबैक लिया है। मंत्रियों से दीवाली जैसा उत्सव मनाने के लिए कहा गया है। उनसे कहा गया है कि वे 22 जनवरी को अपने घरों में ही दीपक प्रज्ज्वलन करें और गरीबों को खाना खिलाएं। यह बात भी कही गई है कि 22 जनवरी के बाद अपने संसदीय क्षेत्रों के लोगों को अयोध्या के लिए ट्रेनों में रवाना करें।

केंद्र सरकार के अलावा कई राज्यों ने भी अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन का जश्न मनाने के लिए छुट्टियों की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने राम मंदिर उद्घाटन के मद्देनजर 22 जनवरी को राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है।

22 जनवरी को राम मंदिर की “प्राण प्रतिष्ठा” के लिए अयोध्या को सजाया जा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, योगी आदित्यनाथ और अन्य विशेष आमंत्रित लोगों के साथ इस मेगा कार्यक्रम में भाग लेने के लिए तैयार हैं।

मंदिर ट्रस्ट, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की आमंत्रित सूची में 7000 से अधिक लोग हैं, जिनमें राजनेता, बॉलीवुड हस्तियां, क्रिकेटर, उद्योगपति और बहुत कुछ शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *