दिल्ली शराब नीति मामला: जांच एजेंसी ED ने अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए 21 दिसंबर को बुलाया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने अब समाप्त हो चुकी उत्पाद शुल्क नीति से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है। केजरीवाल को गुरुवार, 21 दिसंबर को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा अरविंद केजरीवाल को यह दूसरा समन है। इससे पहले पिछले महीने एजेंसी ने अरविंद केजरीवाल को 2 नवंबर को उसके सामने पेश होने के लिए कहा था। हालांकि, आम आदमी पार्टी प्रमुख ने यह आरोप लगाते हुए सम्मन को नजरअंदाज कर दिया था कि यह अवैध और राजनीति से प्रेरित है।

https://x.com/NewsArenaIndia/status/1736726295499644942?s=20

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, “विधायकों ने कई समस्याओं को सदन में उठाया था। वित्त विभाग के पाबंदियों के कारण, बजट और फंड ना देने के कारण पूरी सरकार के काम बाधित हो रहे हैं। लोगों के काम बाधित हो रहे हैं, लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। सभी सदस्यों के कहने पर स्पीकर साहब ने वित्त विभाग के प्रधान सचिव मिस्टर वर्मा को बुलाया था। 2 बार बुलाने पर भी वे नहीं आए इसलिए सबकी सहमति से स्पीकर ने मामला विशेषाधिकार समिति को भेजा है।”

आप नेता संदीप पाठक ने कहा, “यह कोई नई बात नहीं है। नरेंद्र मोदी कैसे काम कर रहे हैं – जो भी उनसे सवाल करता है उसे राजनीतिक रूप से खत्म करने के लिए या तो निलंबित कर दिया जाता है या गिरफ्तार कर लिया जाता है। इस देश में, वह अरविंद केजरीवाल हैं जिनसे नरेंद्र मोदी सबसे ज्यादा डरते हैं। अगर कोई भाजपा में शामिल होता है , उन्हें क्लीन चिट मिल जाती है। यह इस देश का दुर्भाग्य है…जहां तक ​​नोटिस की बात है तो यह सार्वजनिक डोमेन में है कि अरविंद केजरीवाल विपाशना के लिए जा रहे हैं। शेड्यूल 1-1.5 महीने पहले बनाया जाता है। वकील तय करेंगे कि इस नोटिस का क्या जवाब देना है।”

https://x.com/AamAadmiParty/status/1736749622041669789?s=20

वहीं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “दिल्ली के लोग चाहते हैं कि भ्रष्ट आचरण में लिप्त लोगों की जांच होनी चाहिए और दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए। अरविंद केजरीवाल को चाहिए कि जांच से भागें नहीं बल्कि जांच में शामिल हों।”

https://x.com/ANI/status/1736785559958516202?s=20

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ”पिछली बार उन्होंने चुनाव प्रचार का बहाना बनाकर समय मांगा था। अगर जांच एजेंसी ने उन्हें जांच के लिए बुलाया है तो अरविंद केजरीवाल को जांच में शामिल होना चाहिए। उन्हें जांच से भागना नहीं चाहिए बल्कि जांच में शामिल होना चाहिए। अगर वह कहते हैं कि कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ, कोई घोटाला नहीं हुआ, तो उन्हें जांच एजेंसी के सामने तथ्य पेश करने चाहिए।”

इसी मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों ने अरविंद केजरीवाल की पार्टी के दो नेताओं मनीष सिसौदिया और संजय सिंह को गिरफ्तार किया था। इस साल अप्रैल में कथित शराब घोटाले के सिलसिले में सीबीआई ने अरविंद केजरीवाल से भी पूछताछ की थी।

दिल्ली में सीबीआई मुख्यालय में नौ घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि जांच एजेंसी ने उनसे 56 सवाल पूछे। केजरीवाल ने कहा था, “सीबीआई से साढ़े नौ घंटे तक पूछताछ हुई। मैंने सभी सवालों के जवाब दिए। पूरा कथित शराब घोटाला झूठा और घटिया राजनीति है। आप ‘कट्टर ईमानदार पार्टी’ है। वे आप को खत्म करना चाहते हैं लेकिन देश की जनता हमारे साथ है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *