राजस्थान चुनाव: कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, सरदारपुरा से गहलोत और टोंक से पायलट को मैदान में उतारा

कांग्रेस ने शनिवार को राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पहली सूची में पार्टी ने 33 प्रत्याशियों का ऐलान किया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सरदारपुरा से मैदान में उतारा है, जबकि पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को टोंक से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने नाथवाड़ा से विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को टिकट दिया है। आरपीसीसी प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा को लक्ष्मणगढ़ से टिकट मिला है।

https://x.com/shemin_joy/status/1715654222606422248?s=20

कांग्रेस की जारी पहली इस लिस्ट में तीन वर्तमान मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष को टिकट मिला है। चार मौजूदा मंत्रियों महेंद्रजीत मालवीया, भंवर सिंह भाटी, टीकाराम जूली और ममता भूपेश को भी टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने 31 उम्मीदवारों को रिपीट किया है। पिछले चुनाव में भी इन्हीं उम्मीदवारों को टिकट दिया गया था।

इनके अलावा ओसियां से दिव्या मदेरणा, हिंडोली से अशोक चांदना, सवाई माधोपुर से दानिश अबरार, जोधपुर से मनीषा पंवार और सादुलपुर से कृष्णा पूनिया को टिकट मिला है।

बता दें कि पहली सूची में सचिन पायलट खेमे के चार सदस्यों को टिकट मिला है। इनमें विराटनगर से इंद्राज सिंह गुर्जर, लाडनूं सीट से मुकेश भाकर, परबतसर सीट से रामनिवास गावड़िया और नोहर सीट से अमित चाचन को टिकट मिला है।

कांग्रेस पार्टी ने इस लिस्ट में राज्य के प्रमुख बड़े नेताओं को शामिल कर लिया है। हालांकि अभी उन नेताओं की सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हुई है, जिनके बारे में कहा जा रहा था कि कई बड़े नेताओं की टिकट कट सकती है।

शुक्रवार को दौसा में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गहलोत ने लोगों से जिले के सभी मौजूदा विधायकों के लिए वोट करने का आग्रह किया था। गहलोत ने दौसा जिले में कांग्रेस के मौजूदा विधायकों- परसादी लाल मीना, ममता भूपेश, मुरारी लाल मीना, जीआर खटाना का भी नाम लिया और लोगों से उन्हें वोट देने की अपील की थी।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों पर भी प्रकाश डाला और कहा था कि चुनाव सरकार के प्रदर्शन पर लड़ा जाएगा। दौसा में कुल पांच विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से चार पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय विधायक हुडला का कब्जा है।

मालूम हो कि राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *