राजस्थान विधानसभा चुनाव: बीजेपी की उम्मीदवारों की पहली सूची में 7 सांसद; वसुंधरा राजे की हुई अनदेखी!

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची में 41 उम्मीदवारों के नाम हैं, जिनमें सात सांसद भी शामिल हैं। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के वफादारों को सूची में जगह नहीं मिली है। विधायक नरपत सिंह राजवी और राजपाल सिंह शेखावत पूर्व मुख्यमंत्री के कुछ वफादारों में से हैं जिन्हें सूची से हटा दिया गया है।

https://x.com/BJP4India/status/1711334989194031390?s=20

जिन सात सांसदों को टिकट दिया गया है उनमें झोटवाड़ा से राज्यवर्धन राठौड़, विद्याधर नगर से दीया कुमार, तिजारा से बाबा बालकनाथ, मंडावा से नरेंद्र कुमार, किशनगढ़ से भागीरथ चौधरी, सवाई माधोपुर से किरोड़ी लाल मीना और सांचौर से देवजी पटेल शामिल हैं।

इसी साल अगस्त में भाजपा आलाकमान ने राजे और उनके खेमे को एक बड़ा झटका दिया, जब उनके नाम आगामी राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए दो महत्वपूर्ण समितियों से बाहर रखे गए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके वफादारों को घोषणापत्र समिति और चुनाव प्रबंधन समिति दोनों में जगह नहीं दी गई। राजे के वफादार मांग कर रहे हैं कि उन्हें आगामी चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाए।

मालूम हो कि सोमवार दोपहर चुनाव आयोग ने पांच राज्यों – राजस्थान, तेलंगाना, मिजोरम, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा की। कांग्रेस शासित राजस्थान में 23 नवंबर को मतदान होगा। सभी पांच राज्यों के चुनाव परिणामों की गिनती और घोषणा 3 दिसंबर को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *