हरियाणा में हुए हिंसा के बाद दिल्ली अलर्ट पर, सांप्रदायिक झड़पों में अब तक 116 गिरफ्तारियां, 41 एफआईआर दर्ज

हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) द्वारा निकाले गए एक धार्मिक जुलूस के दौरान सोमवार को हुई सांप्रदायिक झड़पों के बाद हरियाणा पुलिस ने 116 गिरफ्तारियां कीं हैं और लगभग 41 एफआईआर दर्ज कीं हैं। हरियाणा के नूंह से शुरू हुई सांप्रदायिक झड़पों में दो होम गार्ड, तीन नागरिक और एक इमाम सहित कम से कम छह लोगों की जान चली गई है। इस बीच, मंगलवार रात गुरुग्राम में ताजा हिंसा ने दिल्ली को अलर्ट पर ला दिया है। गुरुग्राम के सांसद इंद्रजीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात कर उन्हें सांप्रदायिक झड़पों के बारे में जानकारी दी है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पीके अग्रवाल ने कहा कि मंगलवार के बाद से हरियाणा के नूंह में कोई हिंसक घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “अब तक 41 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हम जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। हमने 116 लोगों के अलावा 90 लोगों को हिरासत में लिया है और जांच की जा रही है…गुरुग्राम मस्जिद में हुई घटना के अलावा, सोहना और बादशाहपुर में भी आग लगने की कुछ घटनाएं हुईं और इन जगहों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।”

हरियाणा के गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में सांप्रदायिक झड़पों के बाद दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में गश्त बढ़ा दी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि बल पड़ोसी इलाकों में ऐसी घटनाओं के परिणामस्वरूप राष्ट्रीय राजधानी में उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति का जवाब देने के लिए तैयार है। दिल्ली पुलिस के एक बयान के अनुसार, दिल्ली में सभी संवेदनशील स्थानों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और जहां आवश्यक हो वहां अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

इस बीच बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बजरंग दल ने नूंह में हिंसा के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन बुलाया था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नॉएडा और दिल्ली में ब्रह्मपुरी-घोंडा चौक, बदरपुर टोल प्लाजा और उत्तम नगर-द्वारका में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद थी।

इस प्रदर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई। कोर्ट ने एक आदेश जारी कर केंद्र से यह सुनिश्चित करने को कहा कि वीएचपी और बजरंग दल की रैलियों के दौरान कोई नफरत भरा भाषण न हो। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, अगर जरूरी हुआ तो सुरक्षा उद्देश्यों के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया जा सकता है।

अदालत ने हरियाणा के नूंह में हिंसा के बाद वीएचपी और बजरंग दल की रैलियों के संबंध में उत्तर प्रदेश (यूपी), हरियाणा और दिल्ली को भी नोटिस जारी किया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि रैलियों की वीडियोग्राफी कराई जाए और अगली सुनवाई शुक्रवार को तय की जाए। अदालत एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें हरियाणा में सांप्रदायिक तनाव के बीच वीएचपी और बजरंग दल द्वारा नियोजित रैलियों पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

हरियाणा के सीएम खट्टर ने कहा कि नूंह हिंसा में एक बड़ी साजिश दिख रही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, किसी भी दंगाई को बख्शा नहीं जाएगा। सभी नागरिकों से अपील है कि वे प्रदेश में शांति बनाए रखें।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा, “नूंह में स्थिति नियंत्रण में है… अकेले नूंह में अब तक लगभग 41 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह एक साजिश है। जिस तरह से पत्थर, हथियार और गोलियां मिलीं, उससे लगता है कि इसके पीछे कोई मास्टरमाइंड है। हम विस्तृत जांच करेंगे और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।”

AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा की निंदा की।अनिल विज ट्विटर उन्होंने कहा, “जो हिंसा हुई वह निंदनीय है। लेकिन पुलिस और सरकार क्या कर रही थी? निवारक उपाय क्यों नहीं किए गए?”

सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर, गुरुग्राम जिला मजिस्ट्रेट ने जिले भर के ईंधन स्टेशनों पर खुले डीजल और पेट्रोल की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक ट्वीट में कहा गया, “गुरुग्राम में संचालित सभी ईंधन स्टेशनों को तत्काल प्रभाव से किसी भी व्यक्ति को खुला पेट्रोल/डीजल बेचने से सख्ती से प्रतिबंधित कर दिया गया है।”

इस बीच, बुधवार को नूंह और आसपास के इलाकों में ताजा हिंसा की कोई खबर नहीं है। अर्धसैनिक बलों की 13 कंपनियां जिले में पहुंच चुकी हैं, जबकि छह कंपनियां अभी आनी बाकी हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियात के तौर पर फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम में धारा 144 लागू कर दी गई है।

मालूम हो कि विश्व हिंदू परिषद के एक धार्मिक जुलूस के दौरान झड़प के बाद सोमवार को हरियाणा के नूंह में तनाव फैल गया था। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई है, जिनमें दो होम गार्ड, जिनकी पहचान नीरज और गुरसेवक के रूप में हुई और एक इमाम, जिनकी पहचान मौलाना मोहम्मद साद के रूप में हुई। नूंह में झड़प के एक दिन बाद मंगलवार को भीड़ ने गुरुग्राम के बादशाहपुर में एक रेस्तरां में आग लगा दी और आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ की। भीड़ ने एक विशेष समुदाय की दुकानों में तोड़फोड़ की और इलाके की एक मस्जिद के सामने जय श्री राम के नारे लगाए। हिंसा के बाद बादशाहपुर बाजार बंद कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *