अहमदाबाद में एक्सीडेंट को देखने जमा हुई भीड़ को तेज़ रफ़्तार जगुआर ने रौंदा, 9 की मौत

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार सुबह इस्कॉन ब्रिज पर एक जगुआर कार ने करीब 25 लोगों को रौंद दिया। इस घटना में एक पुलिस कांस्टेबल सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 15 जख्मी हो गए। जगुआर 160/किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रहा था। इससे पहले इसी स्थान पर थार और डंपर से जुड़ी एक और दुर्घटना हुई थी और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई थी। तभी एक तेज रफ्तार जगुआर कार लोगों को कुचलते हुए दुर्घटनास्थल पर जा घुसी।

इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई और जगुआर कार का चालक भी घायल हो गया।

अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस के एसीपी एसजे मोदी ने बताया कि इस घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य को इलाज के लिए सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया। जगुआर के ड्राइवर को प्राइवेट सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक जगुआर में घायल युवक के अलावा, एक और लड़का और लड़की सवार थे। उन दोनों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं सामने आई है। जानकारी के मुताबिक पहला हादसा बुधवार देर रात 1:15 बजे हुआ।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

सीएम ने ट्विटर पर लिखा, “अहमदाबाद में इस्कॉन ब्रिज पर हुआ हादसा बेहद दुखद है। मैं हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद दी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *