तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव 25 अगस्त को राज्य की “गंगा जमुनी तहजीब” का प्रदर्शन करते हुए यहां नए सचिवालय परिसर में एक मंदिर, एक मस्जिद और एक चर्च का उद्घाटन करेंगे। “गंगा जमुनी तहजीब” शब्द का तात्पर्य देश में हिंदू और मुस्लिम संस्कृतियों के मेल से है।
राव ने अगले महीने एक ही दिन राज्य सचिवालय परिसर में बनाए जा रहे नल्ला पोचम्मा मंदिर, एक मस्जिद और एक चर्च का उद्घाटन करने का फैसला किया है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि धार्मिक प्रमुखों से परामर्श करने के बाद, उन्होंने उस तारीख को अंतिम रूप दिया जो सभी को स्वीकार्य हो। इसमें कहा गया, “सभी धर्मों की समानता को जारी रखते हुए और भारतीय संविधान में निहित धर्मनिरपेक्ष भावना को दर्शाते हुए, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना की ‘गंगा जमुनी तहजीब’ को फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।”
विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि, “25 अगस्त को, सीएम हिंदू परंपराओं का पालन करते हुए पुजारियों की उपस्थिति में नल्ला पोचम्मा की मूर्ति स्थापित करके मंदिर को फिर से खोलेंगे। उसी दिन, मुख्यमंत्री इस्लाम और ईसाई मान्यताओं के अनुसार मस्जिद और चर्च का उद्घाटन करेंगे।”
राव ने मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और तेलंगाना सचिवालय कर्मचारी संघ के कार्यकारी सदस्यों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी की।
विज्ञप्ति में कहा गया है, “इस अवसर पर सीएम केसीआर ने हिंदू, मुस्लिम और ईसाई प्रमुखों के परामर्श से एक ही दिन में तीन धर्मों के पूजा स्थलों को खोलने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।”
