आज दुनियाभर में योग दिवस मनाया जा रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के अमेरिका के राजकीय दौरे पर हैं। पीएम मोदी आज संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के योग कार्यक्रम में शामिल हुए। पीएम के साथ 135 देशों के प्रतिनिधियों ने योग किया। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग दिवस कार्यक्रम के दौरान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया है। इस योग सेशन में सबसे ज्यादा राष्ट्रीयता (अलग-अलग देश) के लोग शामिल थे।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक माइकल एम्प्रिक ने कहा, “आज एक योग पाठ में अधिकांश राष्ट्रीयताओं के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का शीर्षक प्रयास था। होने वाला निशान 140 राष्ट्रीयताओं का था। आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में उनके पास 135 हैं। यह एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड खिताब है…”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग कार्यक्रम से पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के लॉन में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एकत्रित भीड़ को संबोधित करते हुए, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “योग भारत से आया है और यह एक बहुत पुरानी परंपरा है, लेकिन सभी प्राचीन भारतीय परंपराओं की तरह, यह भी जीवित और गतिशील है। योग कॉपीराइट से मुक्त है, पेटेंट और रॉयल्टी भुगतान से मुक्त है। योग आयु, लिंग, फिटनेस स्तर के अनुकूल है और पोर्टेबल भी है… योग सभी के लिए है, जातीयताओं, सभी धर्मों, संस्कृतियों के लिए, योग वास्तव में सार्वभौमिक है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आइए हम योग की शक्ति का उपयोग न केवल स्वस्थ, खुश रहने के लिए करें, बल्कि खुद के प्रति और एक-दूसरे के प्रति दयालु होने के लिए भी करें। आइए हम योग की शक्ति का उपयोग दोस्ती, शांतिपूर्ण दुनिया और शांति का पुल बनाने के लिए करें। । आइए हम एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के लक्ष्य को साकार करने के लिए हाथ मिलाएं।”
पीएम ने कहा, ‘लगभग नौ साल पहले यहीं पर संयुक्त राष्ट्र मुझे 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव करने का सम्मान मिला। मैंने सीखा है कि जो शक्तियां ब्रह्मांड में और हमारे अंदर हैं वे एक ही नियम का पालन करती हैं और वह है संतुलन हासिल करना। योग हमें भौतिक रूप से बदलता है। मुझे अपनी बेटी पर भी गर्व है जो योग का काफी समय से अभ्यास कर रही है। मैं उसकी वजह से योग को और अच्छे से समझ पाया हूं। मैं आप सभी को देखकर प्रसन्न हूं और यहां पर आने के लिए आप सभी का धन्यवाद करता हूं। मुझे बताया गया है कि आज यहां लगभग हर राष्ट्रीयता का प्रतिनिधित्व है। योग का अर्थ है जोड़ना इसलिए आप एक साथ आ रहे हैं यह योग के दूसरे रूप की अभिव्यक्ति है।’
मोदी ने कहा कि पिछले साल, 2023 को अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष के रूप में मनाने के भारत के प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए पूरी दुनिया एक साथ आई थी। बाजरा एक सुपरफूड है। ये समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं और पर्यावरण के लिए भी अच्छे हैं।
संबोधन के बाद पीएम मोदी योग करने के लिए आम लोगों के साथ बैठे। मोदी के बगल में मशहूर एक्टर रिचर्ड टिफनी गेरे बैठे हुए थे। योग में पीएम मोदी और सभी लोगों ने ध्यान लगाया। इसके साथ ओम का उच्चारण किया गया।
यूएन में भारत की राजदूत रुचिरा कंबोज ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन बेहद खास है क्योंकि पीएम मोदी के साथ यहां लोग योग करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी की ही लीडरशिप में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया।
इस अवसर पर न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि हम योग का अभ्यास करते हैं लेकिन हम अपने जीवन में योग से जो प्राप्त करते हैं उसे क्रियान्वित करते हैं। मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री यही संदेश ला रहे हैं।
मालूम हो कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन के आमंत्रण पर पीएम मोदी 21-24 जून तक अमेरिका के दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी अब बुधवार शाम को राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात करेंगे। उनके मुलाकात के दौरान कई अहम समझौते होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि ये भारत को सुपरपावर बनाने वाली अब तक की सबसे बड़ी डिफेंस डील होगी। भारतीय रक्षा मंत्रालय ने पिछले हफ्ते ही अमेरिकी प्रीडेटर ड्रोन 31 MQ-9B की खरीद को मंजूरी दी है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी इस तीन अरब डॉलर की डील का ऐलान कर सकते हैं। नरेंद्र मोदी भारत के दूसरे ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो अमेरिका के राजकीय दौरे पर गए हैं। वह 22 जून को अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। अब तक किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री दो बार अमेरिकी संसद को संबोधित नहीं किया है।
