जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को सुरक्षा बलों द्वारा घुसपैठ की कोशिश नाकाम करने के बाद दो आतंकवादी मारे गए। कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में मुठभेड़ में ये आतंकी मारे गए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस के मुताबिक, कुपवाड़ा जिले के डोबनार मचल इलाके में पड़ने वाली नियंत्रण रेखा के पास अभियान में आतंकी मारे गए। पुलिस के मुताबिक, तलाशी अभियान अब भी जारी है। मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि हो सकता है कि आतंकियों ने हाल ही में घुसपैठ की हो।
रविवार को सेना के एक शीर्ष अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया था कि पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) और आतंकवादी समूहों के प्रमुखों द्वारा महिलाओं और किशोरों का इस्तेमाल हथियार और संदेश ले जाने के लिए किया जा रहा है जो एक खतरनाक कदम है।
श्रीनगर स्थित 15 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह औजला ने भी कहा कि फोर्सेज को सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार बैठे लोग मौजूदा स्थिति को बिगाड़ने की साजिश रचने और योजना बनाने में व्यस्त हैं।
इस महीने की शुरुआत में राजौरी जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया था। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके के सभी स्कूलों को बंद कर दिया था।
