धनबाद में अवैध खनन के दौरान कोयला खदान धंसने से तीन की मौत, मलबे में दर्जनों लोगों के दबे होने की आशंका

झारखंड के धनबाद जिले में शुक्रवार को अवैध खनन के दौरान कोयला खदान धंसने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है और उन्हें बचाने के लिए बचाव कार्य जारी है।

टनल में कोयला निकालने के लिए सैकड़ों लोग घुसे थे। इसी दौरान खदान की छत भरभराकर गिर गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग खुदाई स्थल पर एकत्र हो गए और मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुट गए।

एसएसपी धनबाद संजीव कुमार कि बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) की खुली खदान का हिस्सा ढह गया। एक शव बरामद कर लिया गया है। कई मौतों की पुष्टि की जा रही है। हम बीसीसीएल की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना धनबाद शहर से करीब 21 किलोमीटर दूर बीसीसीएल के भौरा कोलियरी इलाके में सुबह 10.30 बजे हुई। एक चश्मदीद ने दावा किया कि खदान धंसने के समय कई स्थानीय ग्रामीण अवैध खनन में लगे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “स्थानीय लोगों की मदद से तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”

इस घटना में पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और सीआईएसएफ की टीमों ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *