मुंबई के मीरा रोड स्थित किराए के अपार्टमेंट में अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या करने और उसके शरीर के 20 टुकड़े करने के आरोप में 56 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने अपनी लिव-इन पार्टनर के शरीर के टुकड़ों को प्रेशर कुकर में उबाला और बाद में उन्हें निपटाने के लिए प्लास्टिक की थैलियों में भर दिया। मनोज साने के रूप में पहचाने जाने वाला ये आरोपी पिछले तीन वर्षों से गीता नगर फेज 7 में गीता आकाश दीप भवन के फ्लैट 704 में अपनी लिव-इन पार्टनर 32 वर्षीय सरस्वती वैद्य के साथ रह रहा था। फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मनोज बोरीवली में एक छोटी सी दुकान चलाता है।
पुलिस उपायुक्त जयंत बाजबले ने बताया कि 56 साल के व्यक्ति ने उसके साथ लिव-इन में रह रही 32 साल की एक महिला की हत्या कर दी है। उन्होंने कहा- मीरा रोड पर एक घर से बदबू की सूचना मिलने पर देखा तो वहां महिला का शव मिला। जांच में पता चला कि मनोज और सरस्वती यहां लिव-इन में रहते थे। मनोज ने पेड़ काटने का कटर खरीदा था जिससे वह महिला के टुकड़े करता था और फिर वह उन्हें कूकर में उबाल कर प्लास्टिक के बैग में भर देता था। हत्या का मुकदमा दर्ज़ किया गया हैI आरोपी(मनोज साने) को पकड़ लिया गया है। शरीर के टुकड़ों को विश्लेषण के लिए जे.जे. अस्पताल भेजा गया है। इस मामले में हमने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। आगे की जांच जारी है।
नयानगर थाने में बुधवार शाम को बिल्डिंग के निवासियों का फोन आया, जिन्होंने दंपति के फ्लैट से आने वाली दुर्गंध की शिकायत की। उसके घर में सड़ी-गली लाशें मिलने से यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या तीन-चार दिन पहले की गई होगी। एक टीम मौके पर पहुंची और महिला का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसे कई टुकड़ों में काटा गया था।
कपल के पड़ोसी ने बताया, “वे कभी किसी त्योहार पर बाहर नहीं आते थे। हमें चूहे के मरने जैसी बदबू आ रही थी। मैं बुधवार को जब उनके घर गया तो उन्होंने घर नहीं खोला लेकिन रूम फ्रेशनर डाल दिया और फिर बैग लेकर बाहर निकले, उनके शरीर से भी वही बदबू आ रही थी, तब हमें शक हुआ।”
पुलिस हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
नयानगर पुलिस स्टेशन से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि शरीर के कुछ हिस्से गायब हैं और उन्हें संदेह है कि आरोपियों ने उन्हें कहीं फेंक दिया है।
फ्लैट से सैंपल और सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। बिल्डिंग में रहने वालों ने पुलिस को बताया कि दंपति उनसे नहीं मिला करता था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उनके फ्लैट के दरवाजे पर नेम प्लेट नहीं है और यह सोनम बिल्डर्स के नाम से पंजीकृत है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने इस घटना पर कहा कि जहां महाराष्ट्र में एक महिला को उसके लिव-इन पार्टनर ने मार डाला, हमने देखा है कि हाल के दिनों में इस तरह के मामलों में वृद्धि हुई है। हमने इस पर स्वत: संज्ञान लिया है और मामले की देखभाल के लिए डीजी को लिखेंगे…”
इससे पहले पिछले साल मई में आफताब पूनावाला नाम के शख्स ने अपनी लिव-इन-पार्टनर श्रद्धा वाकर की हत्या कर दी थी। उसने उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और उन्हें राजधानी में अलग-अलग जगहों पर बिखेरने से पहले दक्षिण दिल्ली के महरौली में अपने घर में लगभग तीन सप्ताह तक फ्रिज में रखा। दिल्ली पुलिस ने 24 जनवरी को इस मामले में 6,629 पन्नों की चार्जशीट दायर की थी। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने आफताब पूनावाला के खिलाफ आरोप तय किए हैं।
