जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर हमला, कहा- ‘आपने नफ़रत का शॉपिंग मॉल खोल रखा है, ये मोहब्बत की दुकान नहीं है’

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने नफरत का एक मेगा शॉपिंग मॉल खोल दिया है। राहुल इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं। नड्डा ने गांधी पर हिंदुओं और मुसलमानों को विभाजित करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी कोई “मोहब्बत की दुकान” नहीं चला रही है।

नड्डा ने कहा- “जब-जब भारत नए कीर्तिमान स्थापित करता है, तब-तब कांग्रेस के ‘युवराज’ राहुल गांधी को भारत का गौरव पचता नहीं है। एक ओर सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्न खड़ा करते हैं, हिंदू-मुस्लिम को बांटने की बात करते हैं और दूसरी ओर कहते हैं कि हम मोहब्बत की दुकान चला रहे हैं। अरे, आपने तो नफरत की मेगा शॉपिंग मॉल खोल रखी है।”

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले के दौर और 2014 के बाद के दौर में जमीन-आसमान अंतर है। लोगों का मानना था कि कुछ भी नहीं बदलेगा और भ्रष्टाचार सब जगह होगा, हम सुधरने वाले नहीं हैं, यह देश की मानसिकता बन गई थी। हमारे देश की गिनती भ्रष्ट देशों में होती थी। कोई नेतृत्व, इरादा या नीति नहीं थी। हालांकि, लोगों ने भाजपा को वोट दिया और 2014 में भारत को एक ऐसा नेतृत्व मिला जो भारत को आगे बढ़ा रहा है।

नड्डा ने आगे कहा कि आर्थिक दृष्टि से देखा जाए तो आज भारत ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। ऋषि सुनक कहते हैं कि वह दिन दूर नहीं जब भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था, जब भारत के रक्षा मंत्री ने कहा था कि देश के सीमावर्ती गांवों में सड़क न बनाना देश की स्ट्रेटेजी है। इसके विपरीत, आज भारत के सीमावर्ती गांवों का विकास किया जा रहा है। वहां सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत 9 वर्षों में हुए विकास कार्यों पर केंद्रित पुस्तक ‘अमृतकाल की ओर’ का विमोचन किया। नड्डा पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में ही बोल रहे थे।

बता दें कि पूर्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तीन शहरों के दौरे पर अमेरिका में हैं। इस दौरान उन्होंने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में भारतीय प्रवासियों, कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और नागरिक समाज के साथ बातचीत की। एक भाषण के दौरान, गांधी ने कहा कि भारत ऐसे लोगों के समूह द्वारा चलाया जा रहा है जो ‘पूरी तरह से आश्वस्त’ हैं कि वे सब कुछ जानते हैं।

उन्होंने कहा था, “वे (बीजेपी) भगवान के साथ बैठ सकते हैं और चीजों को समझा सकते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसा ही नमूना हैं।” राहुल ने कहा था कि “लोगों का एक समूह है जो सब कुछ समझता है। वे वैज्ञानिकों को विज्ञान, इतिहासकारों को इतिहास, सेना को युद्ध, और इसके दिल में औसत दर्जे की व्याख्या कर सकते हैं। वे वास्तव में कुछ भी नहीं समझते हैं।”

कांग्रेस नेता ने साथ ही कहा कि, “उनके पास मीडिया है। उन्होंने संस्थानों पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने तमाम संस्थाओं पर दबाव बनाया। वे लोगों को धमकाते हैं… इसलिए उनकी आवाज ज्यादा सुनी जाती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *