भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को दो दिवसीय मुंबई दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने कई स्थानीय नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पन्ना प्रमुख सम्मेलन के लिए कांदिवली में अपने कार्यक्रम के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि आगामी बीएमसी चुनाव में मेयर बीजेपी से होना चाहिए। नड्डा की बात को दोहराते हुए बीजेपी के मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि आगामी बीएमसी चुनावों के लिए मेयर एनडीए-बीजेपी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट से होगा।
नड्डा ने कहा कि, “मैं महा विकास अघाड़ी (शिवसेना-यूटीबी, कांग्रेस और एनसीपी) पर टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन उनके शासन के दौरान सभी परियोजनाओं और विकास कार्यों को रोक दिया गया था। आप सभी उस समय की भ्रष्ट सरकार के बारे में जानते हैं। आगामी बीएमसी चुनावों में हमारा मेयर होना चाहिए। हमारे पास इसके लिए क्षमता और शक्ति है।”
भाजपा प्रमुख ने कहा, “सभी पार्टियां विचारधाराओं के मामले को कमजोर कर रही हैं। हम एकमात्र ऐसी पार्टी हैं, जिनकी विचारधाराएं नहीं बदलती हैं। हमने कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटा दिया। उन्होंने रामलला के मुद्दे पर हमारा मजाक उड़ाया, उन्होंने कहा कि वक्त नहीं बताएंगे। हमने उन्हें समय दिया। अटल जी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया। हम वो पार्टी हैं, हम जो कहते हैं, करते हैं।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा, “हम कैडर पार्टी हैं, हम कांग्रेस या चीन पार्टी नहीं हैं। हम जनता द्वारा फॉलो की जाने वाली पार्टी हैं। देश के 15 राज्यों में हमारी सरकार है।”
नड्डा ने कहा, “यह केवल भाजपा है जो आम लोगों की पार्टी है। कांग्रेस में सोनिया गांधी, राहुल गांधी या प्रियंका गांधी के अलावा कोई निर्णय नहीं लिया जाता है, जबकि अन्य घंटी बजाते रहते हैं।” वित्तीय राजधानी के अपने दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समाज की प्रमुख हस्तियों से बातचीत भी करेंगे और अपनी यात्रा के दौरान एक कौशल विकास कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महाविकास अघाड़ी की आलोचना करते हुए कहा कि उद्धव की शिवसेना और एनसीपी दोनों पारिवारिक पार्टी हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से भी मुलाकात की। इस दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।
