केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित जासूसी के एक मामले में नौसेना के एक पूर्व कमांडर और एक स्वतंत्र पत्रकार को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मंगलवार को स्वतंत्र पत्रकार के परिसरों में तलाशी भी ली गई थी। केंद्रीय जांच एजेंसी के मुताबिक, नौसेना के पूर्व कमांडर आशीष पाठक और पत्रकार विवेक रघुवंशी पर अवैध तरीके से रक्षा मामलों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां कथित तौर पर इकट्ठा करने और उन्हें विदेशी खुफिया एजेंसियों तक पहुंचाने का आरोप है। रघुवंशी और पाठक को आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने नाम न छापने के शर्त पर कहा “पत्रकार से मंगलवार शाम को पूछताछ की गई और पाठक के साथ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और आपराधिक साजिश के तहत हिरासत में ले लिया गया। हम मामले में एक बड़ी साजिश की जांच कर रहे हैं।”
एजेंसी ने मामले में पाठक की सटीक भूमिका निर्दिष्ट नहीं की है।
सीबीआई प्रवक्ता ने कहा- ‘सीबीआई ने लीक की जांच के लिए दिसंबर में मामला दर्ज किया था। रघुवंशी पर डीआरडीओ की परियोजनाओं और उनकी प्रगति के विवरण, सशस्त्र बलों की भविष्य की खरीद, रणनीतिक तैयारियों, मित्र देशों के साथ भारत की कूटनीतिक वार्ता और विदेशी खुफिया एजेंसियों के साथ वर्गीकृत जानकारी साझा करने सहित संवेदनशील जानकारी के संग्रह में शामिल होने का आरोप है।’
रघुवंशी को अमेरिका स्थित एक पोर्टल ने अपनी वेबसाइट पर रक्षा और सामरिक मामलों के भारत संवाददाता के रूप में सूचीबद्ध किया हुआ है। सीबीआई ने उससे जुड़े जयपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में 12 जगहों पर तलाशी ली और उसके करीबी लोगों से भी बात की।
रघुवंशी और पाठक पर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम की धारा 3 (जासूसी) और भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है। तलाशी के दौरान कई संवेदनशील दस्तावेज बरामद हुए हैं। उन्हें आगे की कानूनी जांच के लिए भेज दिया गया है।
