कर्नाटक चुनाव: 224 सीटों पर ख़त्म हुई वोटिंग, शाम 5 बजे तक 65.69 फीसदी हुआ मतदान; 13 मई को परिणाम

कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर बुधवार शाम पांच बजे तक 65.69 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य में मुख्य रूप से सत्तारूढ़ भाजपा, कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की जनता दल (सेक्युलर) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। विधानसभा चुनाव में बुधवार को पहली बार मतदान कर रहे मतदाताओं और बुजुर्गों को वोटिंग प्रक्रिया में उत्साह से भाग लेते देखा गया।

कर्नाटक में कुल 2615 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान के लिए कुल 58,545 पोलिंग बूथ बनाए गए थे जहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई। शुरुआती मतदाताओं में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अभिनेता प्रकाश राज और इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति शामिल रहे।

राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा, कांग्रेस और जेडीएस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा अपने दक्षिणी गढ़ को बनाए रखने के लिए इतिहास की पटकथा लिख रही है, जबकि जुझारू कांग्रेस राज्य में वापसी की उम्मीद कर रही है।

बीजेपी नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने दावा किया है कि बीजेपी राज्य में 135 सीटें जीतने जा रही है। वहीं कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डी.के. शिवकुमार ने कहा कि उन्हें यकीन है कि वे बदलाव के लिए मतदान करेंगे और कांग्रेस को 141 सीटें देंगे।

कर्नाटक के विधानसभा चुनावों का ट्रेंड देखें तो पिछले तीन बार से यहां वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है। 2018 के विधनसभा चुनाव में 72.13% मतदान हुआ था। इससे पहले 2013 में 70.23 फीसदी वोटिंग हुई थी। वहीं 2008 के चुनाव में 64.91 प्रतिशत मतदान हुआ था।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 रैलियां और 6 रोड शो किए। गृहमंत्री अमित शाह ने 16 जनसभाएं और 14 रोड शो किए जबकि इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 10 रैलियां और 16 रोड शो किए।

बुधवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील की कि कर्नाटक के लोगों, विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के त्योहार को समृद्ध बनाएं।

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने फैसला किया है कि वे एक प्रगतिशील, पारदर्शी और कल्याणकारी सरकार चुनेंगे। आज बड़ी संख्या में मतदान का समय है। बेहतर भविष्य के लिए इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए हम अपने पहली बार के मतदाताओं का स्वागत करते हैं।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया- आज बिना चूके मतदान करें। बदलाव के लिए वोट करें। 40% भ्रष्टाचार रोकने के लिए, महंगाई रोकने के लिए वोट करें, विकास की 5 गारंटी के लिए वोट करें। कर्नाटक की पहचान को बनाए रखने के लिए मतदान करें। गरीबों को आराम से रहने के लिए वोट दें। कर्नाटक को सभी जातियों के लिए शांति का उद्यान बनाने के लिए मतदान करें। आपका एक वोट कर्नाटक का भविष्य तय करेगा। इसलिए मैं आपसे राज्य के विकास और प्रगति के लिए वोट करने का अनुरोध करती हूं।

राहुल गांधी ने भी कर्नाटक के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने ट्वीट किया- कर्नाटक वोट… 5 गारंटी के लिए, महिलाओं के उत्थान के लिए, युवा रोजगार के लिए, गरीब लोगों के हित के लिए. आइए, बड़ी संख्या में मतदान करें, 40% कमीशन मुक्त और प्रगतिशील कर्नाटक बनाने के लिए हाथ मिलाएं।

राज्य में 5.3 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं, इनमें 11.71 लाख वोटर्स ने पहली बार मतदान किया है। राज्य में 2.66 करोड़ पुरुष और 2.63 करोड़ महिलाएं हैं। जबकि 5.71 लाख से ज्यादा दिव्यांग वोटर्स हैं। 16,000 से ज्यादा मतदाता 100 साल से ज्यादा उम्र के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *