दिल्ली में ट्रैक्टर से कुचलकर 2 साल के बच्चे की मौत, ड्राइवर गिरफ्तार

दिल्ली के भजनपुरा इलाके में ट्रैक्टर से कुचलकर एक 2 साल के बच्चे की मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने ट्रैक्टर सहित चालक को हिरासत में ले लिया है। दिल्ली पुलिस को भजनपुरा के मुख्य दिल्ली दरबार रोड पर एक बच्चे पर ट्रैक्टर चढ़ाने की सूचना मिली।

बच्चे के माता-पिता उसे पास के पंचशील अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद माता-पिता बच्चे को सर गंगा राम अस्पताल ले गए जहां के डॉक्टर की भी यही राय थी।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि दोपहर के वक्त सुभाष नगर निवासी एक शख्स अपने बच्चे को स्कूटी पर लेकर जा रहा था। बड़ी बेटी स्कूटी के पीछे बैठी थी जबकि, 2 साल का बेटा स्कूटी की सीट के आगे खड़ा था। इस दौरान भजनपुरा के मुख्य दिल्ली दरबार रोड पर ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी स्लीप कर गई और मासूम बच्चा ट्रैक्टर के नीचे आ गया। गंभीर अवस्था में बच्चे को पास के पंचशील अस्पताल ले जाया गया, जहा डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के लिए ट्रैक्टर और अतिक्रमण जिम्मेदार है। दिल्ली में रोक के बावजूद धड़ल्ले से ट्रैक्टर चलती है, जिसे रोकने वाला कोई नहीं है। इसके अलावा सड़कों पर अतिक्रमण है, जो सड़क हादसे के लिए सबसे बड़ी वजह में से एक है। सड़क की खराब हालत की वजह से आए दिन इलाके में दुर्घटना होती रहती है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चालक 25 वर्षीय रफीक को हिरासत में ले लिया है। उधर, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी मोर्चरी में रखवा दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *