प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी राज्य कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘जहरीले सांप’ वाले बयान का शनिवार को करारा जवाब दिया। बीदर के हुमनाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने मल्लिकार्जुन खड़गे की ‘जहरीले सांप’ की टिप्पणी का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस ने उन्हें 91 बार गाली दी है।
पीएम ने कहा कि, “इस चुनाव में भी कांग्रेस ने फिर से मुझे गालियां देने का काम शुरु कर दिया है। अब तक मुझे कांग्रेस के लोगों ने 91 बार अलग-अलग गालियां दी हैं। अगर कांग्रेस ने इतनी मेहनत सुशासन के लिए की होती तो आज कांग्रेस की ऐसी दुर्दशा ना होती।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक को देश में नंबर वन राज्य बनाने के लिए यहां डबल इंजन सरकार का बने रहना बहुत जरूरी है। जब केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की भाजपा की सरकार की डबल शक्ति लगेगी तो कर्नाटक को नंबर वन बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। उन्होंने कहा- ‘कर्नाटक का यह चुनाव केवल 5 वर्ष के लिए सरकार बनाने मात्र का नहीं है, यह कर्नाटक को देश में नंबर वन राज्य बनाने का चुनाव है। ये विकसित भारत के लिए कर्नाटक की बड़ी भूमिका तय करने वाला चुनाव है और भारत विकसित तभी होगा जब कर्नाटक का कोना-कोना विकसित होगा’।
पीएम ने कहा कि आप सब एक ऐसा कर्नाटक चाहते हैं जहां हाइवे और एक्सप्रेस-वे का विस्तार होता रहे, जहां मेट्रो की सुविधा और ज्यादा जिलों तक हो, जहां और भी अधिक संख्या में ‘वन्दे भारत’ जैसी आधुनिक ट्रेनें चलें, जहां हर खेत में सिंचाई की आधुनिक सुविधाएं हो… पिछले पांच वर्षों में सामान्य मानवी ने कर्नाटक में विकास की जो रफ़्तार देखी है वो रुकना नहीं चाहते और आपके इन सपनों को पूरा करने का बीड़ा बीजेपी ने उठाया है।
उन्होंने आगे बताया, ‘डबल इंजन सरकार से जो फायदा होता है उसका एक उदाहरण कर्नाटक में आया विदेशी निवेश है। भाजपा सरकार की वजह से देश में विदेशी निवेश में रिकार्ड बढ़ोत्तरी हुई है। कांग्रेस की सरकार में हर साल 30,000 करोड़ रुपए के आस-पास विदेशी निवेश कर्नाटक में आता था, भाजपा की सरकार में अब हर साल करीब 90,000 करोड़ रुपए का विदेशी निवेश कर्नाटक में आ रहा है।’
मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, ‘कांग्रेस राज में 100 से ज्यादा ऐसी सिंचाई योजनाएं थी जो दशकों से लटकी हुई थीं। बीते 9 वर्षों में दशकों से अधूरी पड़ी 60 से ज्यादा सिंचाई योजनाओं को हम पूरा कर चुके हैं। जब हमने पीएम किसान सम्मान निधि शुरू की थी तब कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की सरकार थी। इनको किसानों से कितनी नफरत है देखिए कि ये लाभार्थी किसानों की सूची केंद्र सरकार को भेजने में रुकावटें पैदा करते थे। उनको तकलीफ यह थी इसमें बीच में कोई कटकी नहीं थी, पैसा सीधे किसानों के खाते में जा रहा था’।
पीएम ने कहा- “इन्होने छत्तीसगढ़ और राजस्थान के किसानों से जो वादे किए वो अभी तक धरती पर उतरे नहीं हैं। कांग्रेस ने इस क्षेत्र के गन्ना किसानों को अपने हाल पर छोड़ दिया था जबकि हम उनकी समस्याओं को प्राथमिकता पर दूर कर रहे हैं। गरीबों की तकलीफ कांग्रेस को कभी समझ नहीं आई और कांग्रेस वो दल है जो विकास में भी राजनीति करती है और नकारात्मकता में भरी पड़ी है। जब तक कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार रही उसने गरीबों के घर बनाने की स्पीड धीमी कर दी। गरीबों के साथ कांग्रेस के इस अत्याचार को भाजपा सरकार ने रोका और हमने यहां घर बनाने की स्पीड को और तेज किया’।
प्रधानमंत्री ने कहा, “कर्नाटक के लोगों ने वोट के माध्यम से कांग्रेस के दुरुपयोग का जवाब देने का फैसला किया है।” पीएम ने कांग्रेस पार्टी पर ‘तुष्टिकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया।
