पहलवानों का विरोध जारी: पहलवानों से मिली प्रियंका गांधी; पूछा- ‘सरकार बृजभूषण सिंह को क्यों बचा रही है?’

महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोप में भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख भूषण शरण सिंह के खिलाफ शनिवार को भी शीर्ष पहलवान बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगट और अन्य ने दिल्ली जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखा है। पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न और डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ दूसरे दौर का विरोध शुरू कर दिया है। उन्होंने मांग की है कि बीजेपी सांसद को उनके सभी पदों से हटाया जाए।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी शनिवार सुबह धरना स्थल पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों को अपना समर्थन दिया। बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दो प्राथमिकी भी दर्ज की है। कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के कई और नेता भी एथलीटों के समर्थन में सामने आए हैं।

शनिवार को प्रदर्शनकारी पहलवानों से मुलाकात करने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण सिंह के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, लेकिन अभी तक प्राथमिकी की प्रतियां नहीं मिली हैं। बृज भूषण सिंह को इस्तीफा देना चाहिए क्योंकि जब तक वह डब्ल्यूएफआई प्रमुख बने रहेंगे तब तक निष्पक्ष जांच संभव नहीं है।”

उन्होंने कहा, ”जो प्राथमिकी दर्ज की गई है, उसमें क्या है, किसी को नहीं पता। वे इसे क्यों नहीं दिखा रहे हैं? जब ये पहलवान पदक जीतते हैं तो हम सभी ट्वीट करते हैं और गर्व महसूस करते हैं, लेकिन आज वे सड़क पर बैठी हैं और उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। ये सभी महिलाएं पहलवान इस मुकाम तक आने के लिए बहुत संघर्ष करते हैं और मैं यह नहीं समझ पा रही हूं कि सरकार उन्हें (बृजभूषण शरण सिंह) क्यों बचा रही है?

प्रियंका ने कहा- “मुझे पीएम से कोई उम्मीद नहीं है, क्योंकि अगर उन्हें इन पहलवानों की चिंता है, तो उन्होंने अभी तक उनसे बात क्यों नहीं की या उनसे मुलाकात क्यों नहीं की। देश उनके साथ खड़ा है और मुझे बहुत गर्व है कि इन पहलवानों ने मुझे आगे बढ़ाया है।”

WFI प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी शनिवार सुबह मीडिया से बातचीत की और कहा- ‘मैं निर्दोष हूं और जांच का सामना करने के लिए तैयार हूं। मैं जांच एजेंसी को सहयोग करने के लिए तैयार हूं। मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और मैं SC के आदेश का सम्मान करता हूं’।

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी शनिवार को धरना स्थल पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। प्रदर्शनकारी तीन महीने बाद डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ नए सिरे से धरना दे रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है।

इस बीच संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने भी कहा है कि वह 3 मई को देश भर में उन पहलवानों के समर्थन में प्रदर्शन करेगा जो भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। एसकेएम ने कहा कि इससे जुड़े किसान संगठनों ने भी सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें डब्ल्यूएफआई प्रमुख की गिरफ्तारी की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *