कोलकाता में नीतीश और तेजस्वी से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी बोली- ‘मैं चाहती हूं कि BJP जीरो हो जाए’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने के प्रयास के तहत सोमवार को हावड़ा में पश्चिम बंगाल की अपनी समकक्ष ममता बनर्जी से मुलाकात की। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो के साथ बैठक में नीतीश कुमार के साथ उनके डिप्टी तेजस्वी यादव भी शामिल हुए। आगामी आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से लड़ने की रणनीति बनाने के लिए बंद कमरे में बैठक की गई।

बैठक के बाद पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ममता बनर्जी ने कहा, “हम एक साथ आगे बढ़ेंगे। हमारे पास कोई व्यक्तिगत अहंकार नहीं है। हम सामूहिक रूप से मिलकर काम करना चाहते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि वह चाहती हैं कि बीजेपी जीरो हो जाए।

ममता बनर्जी ने कहा- “हम साथ-साथ आगे बढ़ेंगे। हमारा कोई व्यक्तिगत अहंकार नहीं है, हम सामूहिक रूप से मिलकर काम करना चाहते हैं. मैंने नीतीश कुमार से बस एक ही निवेदन किया है। जयप्रकाश जी का आंदोलन बिहार से शुरू हुआ। अगर हम बिहार में सर्वदलीय बैठक करते हैं, तो हम तय कर सकते हैं कि हमें आगे कहां जाना है। लेकिन सबसे पहले हमें यह संदेश देना होगा कि हम एक हैं। मैंने पहले भी कहा है कि मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं चाहती हूं कि बीजेपी जीरो हो जाए। मीडिया के सहारे और झूठ से बड़े हीरो बन गए हैं।”

वहीं, केंद्र की मौजूदा बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि देश के विकास के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है।

नीतीश कुमार ने कहा- “अब पता नहीं, ये(भाजपा) इतिहास बदल देंगे या क्या कर देंगे? सभी को सतर्क होना है इसलिए हम सभी के साथ बातचीत कर रहे हैं। हमारे बीच बहुत अच्छी बात हुई है। आवश्यकता अनुसार हम भविष्य में अन्य पार्टियों को साथ में लाकर बातचीत करेंगे। हमने बातचीत की है, विशेष रूप से सभी दलों के एक साथ आने और आगामी संसद चुनाव से पहले सभी तैयारियां करने के बारे में। आगे जो भी होगा, देशहित में किया जाएगा। जो लोग अभी शासन कर रहे हैं, उनके पास करने के लिए कुछ नहीं है। ये सिर्फ अपना प्रचार कर रहे हैं। देश के विकास के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *