केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की राजनीति बनाम कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति के बारे में है। शाह ने इस दौरान मुसलमानों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण खत्म करने के राज्य की भाजपा सरकार के फैसले का भी बचाव किया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा कर्नाटक में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी और एक बार फिर दक्षिण भारत में पार्टी की पैठ मजबूत करेगी।
शाह ने कहा, “कांग्रेस आज भी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। कांग्रेस द्वारा दिया गया चार प्रतिशत मुस्लिम आरक्षण भाजपा द्वारा समाप्त कर दिया गया है और लिंगायत, वोक्कालिगा, एससी/एसटी के लिए आरक्षण बढ़ा दिया गया है।”
चामराजनगर जिले के गुंडलूपेट में एक विशाल रोड शो आयोजित करने के बाद एक बड़ी सभा को संबोधित करते हुए, अमित शाह ने कहा कि, ‘आपको याद होगा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा था कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वे एक बार फिर मुस्लिम आरक्षण लाएंगे’।
अमित शाह रविवार से तीन दिवसीय कर्नाटक दौरे पर हैं। इससे पहले उन्होंने सोमवार सुबह कर्नाटक के मैसूर में श्री चामुंडेश्वरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत चुनाव प्रचार अभियान में झोंक दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 29 अप्रैल को राज्य के दौरे से पार्टी के मेगा चुनाव अभियान को बढ़ावा मिलने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के मुताबिक, पीएम मोदी अपने प्रचार अभियान की शुरुआत बेलगावी से करेंगे। वह कर्नाटक के सबसे बड़े जिलों में से एक बेलगावी में चिकोडी, कित्तूर और कुडाची का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री उत्तर कन्नड़ जिले का भी दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री 3 मई को भी चुनावी राज्य का दौरा करेंगे।
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 26 अप्रैल, 29 अप्रैल, 5 मई और 7 मई को चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 25 अप्रैल से 6 मई के बीच आठ रैलियों को संबोधित करेंगी।
बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल (सेक्युलर) सहित राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। 224 सीटों वाली विधानसभा में 10 मई को मतदान होगा और वोटों की गिनती 13 मई को होगी।
