उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बीजेपी नेता के बेटे पर बम से किया गया हमला, 3 लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बीजेपी नेता के बेटे की कार पर छह हमलावरों ने दो बम फेंके। कार भाजपा नेता विजयलक्ष्मी चंदेल के बेटे विधान सिंह की थी। विधान सिंह (20) रात करीब आठ बजे अपनी मौसी के घर गया था तभी हमला हुआ। सिंह और उसका साथी दोनों बाल-बाल बच गए।

यह हमला वीडियो में कैद हो गया। वीडियो में दो बाइकों पर छह नकाबपोश लोगों को कार के शीशे पर बम फेंकते हुए दिखाया गया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए।

वीडियो में दिख रहा है कि एक के बाद एक दो बम विधान की गाड़ी के शीशे पर मारे गए हैं। तेज धमाका होता है और धुआं उड़ता है। हमले के वक्त विधान और उसका दोस्त कार में ही मौजूद थे। इस हमले की वजह से विधान की गाड़ी के पीछे स्कूटी सवार महिला घबरा जाती है और वहां से जाने का प्रयास करती है। वहीं, विधान भी अपनी गाड़ी स्टार्ट कर गली से बाहर की ओर भाग निकलता है। सब कुछ इतनी जल्दबाजी में होता है कि महिला विधान की गाड़ी के नीचे आने से बच जाती है। स्कूटी के पीछे खड़ा व्यक्ति महिला को बचा लेता है।

कुछ दिन पहले विधान सिंह का एक पुलिस कांस्टेबल के बेटे से विवाद हो गया था। कांस्टेबल शिवबचन यादव का बेटा शिवम यादव बम हमले का संदिग्ध है।

बीजेपी नेता विजयलक्ष्मी चंदेल ने आरोप लगाया है कि हमले के पीछे शिवम यादव का हाथ है। उन्होंने झूसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सहायक पुलिस आयुक्त चिराग जैन के मुताबिक शिकायतकर्ता ने छह लोगों के नाम बताए हैं और पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *