गृह मंत्रालय ने बुधवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हनुमान जयंती से पहले कानून व्यवस्था बनाए रखने और समाज में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाले तत्वों पर नजर रखने के लिए कहा है। पिछले सप्ताह 30 मार्च को रामनवमी के जुलूस के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ये एडवाइजरी जारी की है। इस साल हनुमान जयंती 6 अप्रैल को है। मालूम हो कि 30 मार्च को विभिन्न राज्यों में रामनवमी के जश्न के दौरान हिंसा की घटनाएं हुईं थीं।
गृह मंत्री के कार्यालय ने ट्वीट किया, “राज्य/केंद्र शासित प्रदेश की सरकारों को कानून और व्यवस्था बनाए रखने, त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन और समाज में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाले किसी भी कारक की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।”
हनुमान जयंती को लेकर दिल्ली पुलिस भी सतर्क हो गई है। दिल्ली पुलिस के जवानों ने हनुमान जयंती से पहले आज जहांगीरपुरी इलाके में फ्लैग मार्च निकाला। जहांगीरपुरी में दिल्ली पुलिस के अलावा पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान भी मौजूद हैं। पिछले साल जहागीरपुरी क्षेत्र के जी ब्लॉक में हनुमान जयंती की शोभा यात्रा पर हुए पथराव के बाद दंगा भड़क गया था। उस वक्त शोभा यात्रा एक मस्जिद के सामने से निकाली जा रही थी।
रामनवमी पर पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में भड़की हिंसा में कई वाहनों को आग लगा दी गई और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना तब हुई जब जुलूस काजीपारा इलाके से गुजर रहा था। गुजरात के वडोदरा जिले के फतेहपुर इलाके में रामनवमी के मौके पर निकाली गई शोभा यात्रा पर पथराव किया गया था। घटना के एक वीडियो में कुछ उपद्रवी रामनवमी के जुलूस पर छतों से पथराव करते दिख रहे थे। पुलिस स्थिति को काबू में करने की कोशिश करती नजर आ रही थी।
31 मार्च को बिहार में नालंदा के बिहारशरीफ और रोहतास जिले के सासाराम में झड़पें हुईं, जहां रामनवमी के जुलूस निकाले गए थे। अगले दो दिनों में भी छिटपुट हिंसा की खबरें आईं। निषेधाज्ञा लागू होने के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सासाराम दौरा रद्द कर दिया गया था।
वहीं महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के छत्रपति संभाजीनगर के किराडपुरा इलाके में एक राम मंदिर के बाहर दो लोगों के बीच झगड़ा हो गया। पुलिस ने कहा कि मामला तब बढ़ गया जब और लोग मौके पर पहुंच गए और एक-दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस ने कहा कि भीड़ ने मंदिर के बाहर कई सार्वजनिक और पुलिस वाहनों को भी आग लगा दी।
